बच्चे का चलती गाड़ी से गिरने का Video आया सामने, आईपीएस अधिकारी ने जारी की चेतावनी
तिरुवनंतपुरम। आईपीएस अधिकारी पंकज नैन ने ट्विटर पर बच्चों की सुरक्षा से संबंधित चेतावनी जारी करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एक बच्चा चलती गाड़ी से अचानक गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो के कैप्शन में आईपीएस ने लिखा है कि जब भी बच्चों के साथ यात्रा करें तब चाइल्ड लॉक और चाइल्ड सीट बहुत जरूरी होती हैं। सभी दरवाजों की अच्छे से जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने लिखा कि जरूरी नहीं है कि बाकि बच्चे भी इस बच्चे की तरह भाग्यशाली हों। बता दें वीडियो में बच्चा चलती गाड़ी से तेजी से गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि किस्मत से उसकी जान बच गई। लेकिन इस वीडियो से बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि जिस सड़क पर बच्चा तेजी से गिरा वो व्यस्त सड़क है, जहां और भी वाहन चल रहे थे।
इस वीडियो को यूट्यूब पर 26 दिसंबर को शेयर किया गया था। बताया जा रहा है कि वीडियो केरल का है और सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ। इसमें दिख रहा है कि बच्चे के गिरने के बाद उसकी ओर तेजी से आ रहा वाहन रुक जाता है। जिससे बच्चा उस वाहन के नीचे आने से बच गया। यहां तक कि बच्चे के दूसरी ओर से आने वाली बस भी रुक जाती है। बच्चा जिस गाड़ी से गिरा वो गाड़ी भी तुरंत रुक जाती है। जिसके बाद उसे दोबारा गाड़ी में बिठाया जाता है। वीडियो को ट्विटर पर 7.7 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
बीते साल भी केरल से ही ऐसा एक वीडियो सामने आया था। जिसमें एक साल की बच्ची अचानक चलती जीप से उस वक्त गिर जाती है, जब उसके माता-पिता सो रहे थे। बाद में वो बच्ची सड़क किनारे स्थित जंगल में मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications