खुफिया एजेंसियों का दावा- भारत के खिलाफ बड़ी साजिश रच रहा ISI, विस्फोट का है प्लान
नई दिल्ली, 24 सितंबर: 25 फरवरी 2021 को भारत और पाकिस्तान की सेना ने घोषणा की थी कि वो 2003 में लागू किए गए सीजफायर समझौते का पालन करेंगे। तब से LoC पर शांति बनी हुई है, लेकिन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) लगातार भारत के खिलाफ साजिश रच रही है। अब भारतीय खुफिया एजेंसियों को खबर मिली है कि ISI एक बड़े आतंकी हमले की प्लानिंग कर रही। इसको लेकर 18 सितंबर को देशभर में अलर्ट भी जारी कर दिया गया था।

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ISI एक विस्फोट को ट्रिगर करने के लिए टिफिन बॉक्स में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) लगाने की योजना बना रहा है। इसके जरिए त्योहारी सीजन में भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाया जाएगा। सूत्रों ने ये भी कहा कि आतंकवादी इस दौरान घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं। जिसमें घुसपैठिए विस्फोटक, पैसे आदि लेकर आएंगे। हाल ही में इस मामले में पाकिस्तान से प्रशिक्षित दो संदिग्ध आतंकवादियों सहित 6 को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान आरडीएक्स-फिट आईईडी भी बरामद किया गया।
3 आतंकी ढेर
वहीं दूसरी ओर कश्मीर में उरी के नजदीक रामपुर सेक्टर में गुरुवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली, जहां तीन आतंकियों को ढेर किया गया। मारे गए आतंकियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद किए गए हैं। जिसमें पांच एके 47, 8 पिस्तौल और 70 हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में आतंकी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से भारतीय सीमा में घुसे थे।












Click it and Unblock the Notifications