अबू धाबी से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट ओमान डाइवर्ट, यात्री बोले- उड़ान भरने के तुरंत बाद ही हुई वाइब्रेशन
IndiGo Flight Diverted: इंडिगो की अबू धाबी से दिल्ली आ रही फ्लाइट को सोमवार (22 जुलाई) की सुबह तकनीकी खराबी के बाद सुरक्षित रूप से ओमान की राजधानी मस्कट की ओर डाइवर्ट कर दिया गया है। यात्रियों के मुताबिक विमान में उड़ान भरने के तुरंत बाद ही वाइब्रेशन होने लगी थी।
यात्रियों को एक होटल में ठहराया गया और सोमवार दोपहर को उन्होंने बताया कि वे दिल्ली जाने के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। फ्लाइट के क्रू मेंबर ने यात्रियों को बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई है। इसलिए इसे दिल्ली की जगब इमरजेंसी लैंडिग कराई जा रही है।

विमान में सवार एक यात्री ने बताया आखिर क्या हुआ था?
फ्लाइट संख्या 6E 1406 को यूएई से सुबह 12.20 बजे उड़ान भरनी थी। इस विमान में सवार एक यात्री के मुताबिक, "हमने 129 यात्रियों और छह क्रू मेंबर के साथ 40 मिनट की देरी से उड़ान भरी। उड़ान भरने के समय भी विमान में बहुत वाइब्रेशन हो रहा था। आपातकालीन निकास पंक्ति में बैठे कुछ यात्रियों को ऐसा शोर सुनाई दिया जैसे कोई दरवाजा खुल रहा हो और बंद हो रहा हो। अगले एक घंटे तक सीट बेल्ट का संकेत बंद नहीं हुआ और सभी लोग बैठे रहे। इसके बाद पायलट ने घोषणा की कि कुछ तकनीकी समस्या है और हम मस्कट की ओर जा रहे हैं।"
विमान में सवार कुछ लोगों ने बताया, "कुछ यात्रियों ने खाने की मांग शुरू कर दी। एयर होस्टेस ने बताया कि विमान में सीमित खाना है क्योंकि इंडिगो पूर्ण सेवा एयरलाइन नहीं है। उसने सीमित भोजन को बुजुर्ग और बहुत बच्चों-टीनएज यात्रियों के अलावा मेडिकल संबंधी समस्याओं वाले यात्रियों के लिए बचाकर रखने का अनुरोध किया, ताकि विमान के अंदर इतंजार लंबी होने की स्थिति में उन्हें भोजन मिल सके।।''
इंडिगो ने पूरे मामले पर क्या कहा?
इंडिगो प्रवक्ता ने पूरे मामले पर कहा, ''अबू धाबी से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1406 को तकनीकी समस्या के कारण मस्कट (ओमान की राजधानी) की ओर मोड़ दिया गया। आवश्यक रखरखाव के बाद विमान को फिर से चालू कर दिया जाएगा। ग्राहकों को मस्कट में होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है और गंतव्य तक उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।''












Click it and Unblock the Notifications