ब्रिटिश सांसद को भारतीय मुस्लिम स्कॉलर का करारा जवाब, कहा-यहां शांति से रहते हैं मुसलमान
नई दिल्ली, 23 अप्रैल: भारत में मुस्लिम समुदाय के मानवाधिकारों पर ब्रिटेन के लेबर सांसद नाज शाह ने बड़ा बयान दिया है। अब उनके बयान पर भारतीय मुस्लिम स्कॉलर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने पलटवार किया है। लेबर सांसद नाज शाह के बयान को खारिज करते हुए मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि, यहां मुसलमान शांति से रहते हैं और भारत के आंतरिक मामले में किसी विदेशी देश को किसी भी तरह का हस्तक्षेप उचित नहीं है।

ब्रिटेन के सांसद को मुस्लिम स्कॉलर का जवाब
इस्लामिक रिसर्च सेंटर के निदेशक मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि ब्रिटेन के सांसद का बयान गैर जिम्मेदाराना है। रजवी ने कहा कि भारत में, सभी मुसलमान शांति और तसल्ली के साथ रहते हैं, हमें अपने देश में किसी भी तरह के भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हम पूरी आजादी के साथ नमाज, अज़ान, जलसा करते हैं। किसी को कोई समस्या नहीं होती है।

'भारत में हमारे साथ भेदभाव नहीं होता है'
यही नहीं रिजवी ने कश्मीर के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि, जहां तक कश्मीर का सवाल है, यह भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। रजवी ने नोट किया कि सभी भारतीय मुसलमान मानते हैं कि जम्मू और कश्मीर हमेशा भारत का हिस्सा था, है और रहेगा। इस बारे में विचारों का कोई टकराव नहीं है। भारत में मुसलमान खुश हैं। हम भारत में समृद्धि चाहते हैं जो सबसे विकासशील देशों में से एक है।

भारत के आंतरिक मामले में ना दे दखल: रिजवी
उन्होंने ब्रिटेन की सांसद और पाकिस्तान से भारत के किसी भी आंतरिक मामले में न बोलने की अपील की। हम कश्मीर के मामले या हिजाब मुद्दे में हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करते हैं। हम किसी विदेशी राष्ट्र के किसी भी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करते हैं। बता दें कि, नाज शाह ने गुरुवार को ट्विटर पर जॉनसन को नसीहत दी थी कि ब्रिटेन के विदेशी संबंध न केवल व्यापार और अंतर्राष्ट्रीयता पर बल्कि मानवाधिकारों पर भी आधारित होने चाहिए।

बोरिस जॉनसन से की थी ये अपील
शाह ने कहा कि भारत में मुसलमानों के खिलाफ रोजमर्रा की नफरत और मॉब लिंचिंग का बढ़ता ज्वार चिंताजनक होता जा रहा है। मैं @BorisJohnson से आग्रह करती हूं कि मेरे संदेशों को पढ़ें, मानवाधिकारों के लिए खड़े हों और अपनी अज्ञानता से हमें अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर शर्मिंदा करना बंद करें। बढ़ते तनाव के बीच भारत में अल्पसंख्यक मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चलाना गंभीर है!












Click it and Unblock the Notifications