IRCTC के टूर पैकेज से करें प्रभु राम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के दर्शन, जानिए कितना होगा किराया
इंडियन रेलवे भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 'श्री रामायण यात्रा' शुरू करने जा रही है। सात अप्रैल से शुरू हो रही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों की यात्रा कराएगी।

Indian Railways: भागदौड़ भरे इस व्यस्त जीवन में लोगों के पास समय की बहुत कमी है। ऐसे में लोग कहीं घूमने का प्लान भी नहीं बना पाते हैं। हालांकि, भारतीय रेलवे ने इस समस्या से छुटकारा दिला दिया है, अब आपको प्लान बनाने की कोई जरूरत नहीं है, बल्कि आईआरसीटीसी के पास कई टूर पैकेज उपलब्ध हैं, जिनके जरिए आप अपने मनपसंद स्थान की यात्रा कर सकते हैं। इसी तरह अब धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन 'श्री रामायण यात्रा' शुरू करने जा रही है।
सात अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
अप्रैल में शुरू हो रही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों की यात्रा कराएगी। पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन में दो कोच (फर्स्ट और सेकंड एसी) होंगे। प्रत्येक कोच में सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे और सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। रेलवे की यह यात्रा यानी रामायण सर्किट ट्रेन 7 अप्रैल, 2023 को शुरू होगी। यह यात्रा 18 दिनों और 17 रातों में पूरी होगी।
सबसे पहले अयोध्या में भगवान राम के दर्शन का मिलेगा अवसर
इस यात्रा के जरिए ट्रेन सबसे पहले आपको अयोध्या लेकर पहुंचेगी, जहां राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी और सरयू घाट पर यात्रियों को दर्शन लाभ का अवसर प्राप्त होगा। इसके बाद ट्रेन आपको नंदीग्राम में भरत-हनुमान मंदिर और भरत कुंड लेकर पहुंचेगी। ट्रेन का अगला पड़ाव जनकपुर होगा, जहां राम जानकी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे, फिर ट्रेन आपको सीतामढ़ी लेकर पहुंचेगी, जहां जानकी मंदिर और पुनौरा धाम जाने का अवसर मिलेगा। यहां से ट्रेन बक्सर पहुंचेगी, जहां राम रेखा घाट और रामेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर सकेंगे।
रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी के दर्शन का मिलेगा मौका
रामायण यात्रा के तहत ट्रेन वाराणसी में तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन मंदिर, विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती, सीता संहिता स्थल के दर्शन कराएगी। इसके बाद सीतामढ़ी में सीता माता मंदिर, प्रयागराज में भारद्वाज आश्रम, गंगा-यमुना संगम, हनुमान मंदिर, श्रृंगवेरपुर में श्रृंगी ऋषि समाधि और शांता देवी मंदिर, रामचौरा। चित्रकूट में गुप्त गोदावरी, राम घाट, सती अनुसूया मंदिर। नासिक में त्रयंबकेश्वर मंदिर, पंचवटी, सीतागुफा, कालाराम मंदिर। हम्पी में अंजनाद्री पहाड़ी, विरुपाक्ष मंदिर और विठ्ठल मंदिर। रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी। भद्राचलम में श्री सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर, अंजनेय स्वामी मंदिर और आखिर में ट्रेन आपको नागपुर लेकर पहुंचेगी, जहां रामटेक किला और मंदिर के दर्शन कर सकेंगे।
Recommended Video
जानिए यात्रा के लिए बोर्डिंग स्टेशन और कितना लगेगा किराया
इस यात्रा के लिए बोर्डिंग स्टेशन- दिल्ली सफदरजंग, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर, लखनऊ हैं, जबकि डी-बोर्डिंग स्टेशन में- वीरांगना लक्ष्मी बाई, ग्वालियर, आगरा, मथुरा शामिल है। टिकट 2AC के लिए प्रति व्यक्ति 1,14,065 रुपये और 1 एसी क्लास केबिन के लिए 1,46,545 रुपये और 1AC कूपे के लिए 1,68,950 रुपये से किराया शुरू होता है। पैकेज में एसी क्लास में यात्रा, एसी होटलों में रुकना, सभी शाकाहारी भोजन, एसी वाहनों में सभी स्थानांतरण और दर्शनीय स्थल और यात्रा बीमा शामिल हैं। भारतीय रेलवे ने भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 33 प्रतिशत रियायत प्रदान कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications