Indian Railways:यूपी-बिहार के लिए चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन, पूरी लिस्ट यहां देखिए
नई दिल्ली: सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की संख्या में अचानक इजाफे को देखते हुए मुंबई और पुणे जैसे स्टेशनों से बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए कई अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। पिछले कुछ दिनों में जब से महाराष्ट्र में कोविड-19 बेकाबू होने के बाद फिर से पाबंदियां शुरू हुई हैं, लोग ट्रेनों में भर-भर कर लौटना शुरू कर चुके हैं माना जा रहा है, उसी के मद्देनजर सेंट्रल रेलवे ने यह कदम उठाया है। इस बीच रेलवे ने धीरे-धीरे ट्रेन सेवाओं का विस्तार करना जारी रखा है और कई रूट्स पर स्पेशल शताब्दी और दुरंतो ट्रेनों के अलावा अनारक्षित ट्रेन सेवाएं भी शुरू कर रहा है।

बिहार-यूपी के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान
महाराष्ट्र में कोरोना को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार ने जो कदम उठाए हैं, उससे प्रवासी मजदूरों के मन में एकबार फिर से पिछले साल की याद ताजा हो गई है और उन्हें लग रहा है कि इससे उनकी कमाई पर फिर से बड़ा असर पड़ सकता है। इसीलिए पिछले दो-तीन दिनों से उन्होंने मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों छोड़कर अपने राज्यों की ओर निकलना शुरू कर दिया है। इसकी वजह ये है कि उनके मन में फिर से डर बैठ गया है कि ट्रेन सेवाएं दोबारा रोकी जा सकती हैं। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस, कुर्ला जैसे स्टेशनों से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। ज्यादातर पैसेंजर तो ऐसे आ रहे हैं, जिन्होंने पहले से टिकट बुकिंग करा रखी है, लेकिन कुछ लोग इस डर से भी ट्रेन पकड़ने के लिए बिना बुकिंग के ही पहुंच रहे हैं फिर से ट्रेन सेवाएं बाधित हो सकती हैं। लगता है कि पैसेंजरों की इसी भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने फिलहाल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।
Recommended Video

गोरखपुर-पटना-दरभंगा के लिए चलेगी ट्रेन
सेंट्रल रेलवे ने फिलहाल मुंबई और पुणे से जिन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, उनमें मुंबई से गोरखपुर, मुंबई से पटना, मुंबई से दरभंगा और पुणे से दानापुर जाने वाली ट्रेनों का ऐलान शामिल है। इसके अलावा सेंट्रल रेलवे मुंबई से फैजाबाद के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से यूपी के फैजाबाद स्टेशन तक जाएगी और फिर वहां से वापस मुंबई लौटेगी। फैजाबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन का जो विस्तृत ब्योरा दिया गया है, उसके मुताबिक इसमें एक एसी-2, चार एसी-3, 12 स्लीपर और तीन सेकंड सीटिंग के कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन बुधवार से चलेगी।

ये शताब्दी और दुरंतो ट्रेन भी चलेंगी
इनके अलावा भारतीय रेलवे ने 4 शताब्दी स्पेशल और एक दुरंतो स्पेशल ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है। यह सेवाएं 10 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच शुरू होंगी। जिन स्टेशनों के लिए शताब्दी स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है वे हैं- नई दिल्ली-अमृतसर (रोज), नई दिल्ली-अमृतसर (हफ्ते में एकबार), चंडीगढ़-दिल्ली (हफ्ते में 6 दिन) और नई दिल्ली-दौराई (रोज)। जबकि दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन से जम्मू तवी के लिए दुरंतो स्पेशल ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी।

71 अनारक्षित ट्रेनें भी चलेंगी
गौरतलब है कि इससे पहले रेलवे ने 5 अप्रैल से 71 अन-रिजर्व्ड ट्रेनें शुरू करने की भी घोषणा की थी। इनमें से ज्यादातर गाड़ियां सोमवार से ही चलनी शुरू हो गईं हैं, बाकी मंगलवार के अलावा 15,16 और 17 अप्रैल से चलनी शुरू होंगी। इन ट्रेनों में गाजियाबाद-पानीपत,गाजियाबाद-मुरादाबाद, जाखल-दिल्ली जंक्शन, सहारनपुर-नई दिल्ली, वाराणसी-प्रतापगढ़, फिरोजपुर कैंट-लुधियाना, सहारनपुर-दिल्ली जंक्शन, फजिल्का-लुधियाना और बठिंडा-लुधियाना के बीच चलने वाली अनारक्षित ट्रेनें शामिल हैं। (तस्वीरें- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications