पीएम मोदी के म्यांमार पहुंचने से पहले सेना ने बॉर्डर पर खत्म किए टेरर कैंप
नई दिल्ली। भारत-म्यांमार सीमा पर इंडियन आर्मी को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इंडियन आर्मी ने म्यांमार बोर्डर पर सोमवार को नागा आतंकी के कैंप को ध्वस्त कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में आतंकी संगठन एनएससीएन (के) का एक आतंकवादी भी मार गिराया गया हैं। वहीं, इस ऑपरेशन में सेना का एक जवान भी घायल हो गया है। हालांकि, आर्मी चीफ बिपिन रावत ने कहा है कि इंडो-म्यांमार सीमा पर ऐसी घटनाएं रोजाना होती है और इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।

स्पेशल कमांडो ने नष्ट किया आतंकी कैंप
भारत के खुफिया एजेंसियों से सूचना मिलने के बाद म्यांमार-अरूणाचल प्रदेश की सीमा पर आतंकी कैंप को नष्ट करने के लिए स्पेशल फोर्सेज ने ऑपरेशन शुरू किया। दो दिन तक चले इस ऑपरेशन को आखिरकार सोमवार को अंजाम दिया गया और सुबह करीब 7:30 बजे कैंप पर हमला बोल कर आतंकी कैंप को ध्वस्त कर दिया।

कई आतंकियों के भागने की खबर
सूत्रों के मुताबिक, इंडियन आर्मी ने जब आतंकी कैंप पर धावा बोला तो कई आतंकी बचकर भाग निकलने में कामयाब हुए। हालांकि, इंडियन आर्मी ने सर्च ऑपरेशन को अभी खत्म नहीं करते हुए आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी है। बताया जा रहा है कि स्पेशल कमांडो ने एके 56 और रेडियो सेट के साथ-साथ हेंड ग्रेनेड भी मौके से बरामद किया है।

पीएम मोदी करेंगे म्यांमार दौरा
ब्रिक्स खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 सितंबर को म्यांमार दौरे के लिए रवाना होंगे। मोदी का यह दौरा दोनों देश के साथ संबंधों को नई उर्जा प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डोकलाम विवाद में थोड़ी नरमी के बाद पीएम म्यांमार का दौरा कर रहे हैं, जिससे यह उम्मीद लगाई जा रही है कि इस दौरे से भारत और चीन के बीच एक बार फिर तल्खी बढ़ सकती है।

2015 में भी हुआ था हमला
म्यांमार सीमा पर इससे पहले जून 2015 में इंडियन आर्मी ने आतंकियों के कैंप पर हमला कर 38 विद्रोहियों को ढ़ेर कर दिया था। इन्हीं विद्रोहियों ने 4 जून 2015 को घात लगाकर इंडियन आर्मी पर हमला किया था, जिसमें 18 जवानों की मौत हुई थी। इस ऑपरेशन के दौरान सेना ने रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल करते हुए एक आतंकी शिविर में आग लगा भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications