सेना प्रमुख जनरल रावत ने दी पाक को चेतावनी, हरकतों का मिलेगा करारा जवाब
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत का कहना पाकिस्तान के खिलाफ जरूर होगी कार्रवाई लेकिन सेना इस बार में अपना फ्यूचर ऑपरेशन नहीं बताएगी।
नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत ने गुरुवार को कहा है कि सेना पाकिस्तान पर कार्रवाई जरूर करेगी लेकिन वह क्या करेगी इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा। जनरल रावत की मानें तो सेना अपना फ्यूचर प्लान कभी किसी को नहीं बताएगी। जब उसका मकसद पूरा हो जाएगा तो जानकारी दे दी जाएगी। सेना प्रमुख ने गुरुवार को शोपियां में लॉन्च हुए सबसे बड़े ऑपरेशन के बारे में भी बात की।

शोपियां सर्च ऑपरेशन पर बोले जनरल रावत
गुरुवार को कश्मीर के शोपियां जिले में सेना ने सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया है जिसमें 3,000 सैनिक शामिल हैं। सेना प्रमुख ने इस पर कहा कि जो ऑपरेशन किया जा रहा है यह पक्का करने के लिए है कि स्थिति नियंत्रण में है। आतंकी घुसने की कोशिश कर रहे हैं और सेना अपना काम कर रही है। पाकिस्तान की हरकत पर जनरल रावत ने कहा कि हम भी अपने स्तर पर इस प्रकार की कर्रवाई करते हैं। सेना प्रमुख के मुताबिक कॉम्बिंग ऑपरेशन हमेशा से ऐसे ही होते हैं। शोपियां में जो कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा है वह तीन दिनों में बैंक लूट और पुलिसवालों की हत्या के बाद चलाया गया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के बढ़ने के बाद घुसपैठ बढ़ जाती है और सेना अपना काम करती है। सेना प्रमुख से पहले मंगलवार को उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल शरतचंद ने भी इसी तरह की बात कही थी। उन्होंने कहा था, 'मैं अभी यह नहीं बताना चाहता हूं कि हम क्या करेंगे। बोलने के बजाय हम अपने एक्शन पर ध्यान लगाएंगे और हमारी चुनी हुई जगह पर पाकिस्तान को करारा जवाब देंगे।'
शोपियां में जारी है सर्च ऑपरेशन
शोपियां जिले से कुछ वीडियोज सामने आए थे जिसमें आतंकवादी सड़क पर खुलेआम घूमते नजर आ रहे थे। इन्हीं आतंकियों को खदेड़ने के लिए सेना ने यह ऑपरेशन शुरू किया है। पिछले कुछ हफ्तों से इस तरह के वीडियोज आ रहे थे जिसमें सड़कों पर आतंकियों को आजाद घूमते देखा जा सकता था। ये आतंकी युवाओं को इस बात की ट्रेनिंग दे रहे थे कि वे कैसे जवानों की हत्या कर सकते हैं। पिछले वर्ष के बाद इस वर्ष यह सेना का अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है। पिछले वर्ष पत्थरबाजी और विरोध प्रदर्शन की वजह से इन ऑपरेशंस को रोक दिया गया था। इस ऑपरेशन में 3,000 सेना के अफसर और जवान तो शामिल हैं ही साथ ही साथ सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान भी इसका हिस्सा हैं। गुरुवार से शुरू हुए इस ऑपरेशन में शोपियां के 20 गांवों, बगीचों और जंगल के इलाकों में आतंकियों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications