रूसी रक्षा मंत्रालय के दावे को भारत ने किया खारिज, यूक्रेन में भारतीय छात्र बंधक नहीं
नई दिल्ली, 03 मार्च। यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बीच भारत अपने नागरिकों को यहां से निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा चला रहा है। भारत ने अपने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रूस और यूक्रेन दोनों ही सरकार से अपील की है। लेकिन इस बीच रूस और यूक्रेन ने एक दूसरे पर भारतीय छात्रों को बंधक बनाने का आरोप लगा रहे हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय की ओर से दावा किया गया है कि यूक्रेन की सेना ने भारतीय छात्रों को बंधक बना रखा है। लेकिन भारत ने इस दावे को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस बाबत ट्वीट करके जानकारी दी है।

भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से इस मामले पर सफाई देते हुए कहा गया है कि यूक्रेन में हमारा दूतावास लगातार भारतीय नागरिकों के संपर्क में है। हम बताना चाहते हैं कि यूक्रेन के प्रशासन की मदद से कई छात्र 2 मार्च को भारत के लिए खारकीव से रवाना हुए। हमे किस भी भारतीय छात्र के बंधक होने की अभी तक कोई खबर नहीं मिली है। हमने यूक्रेन प्रशासन से गुजारिश की है कि वह छात्रों को खारकीव और पड़ोसी इलाकों से बाहर निकालने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करें।
Recommended Video
विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि हम सभी देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं और उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम रूस, रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया, मोलदोवा में प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से पिछले दिनों में निकाला गया है। हम यूक्रेन प्रशासन की ओर से मुहैया कराई गई मदद के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं। हम यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसियों का भी शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमारे नागरिकों को ठिकाना मुहैया कराया।












Click it and Unblock the Notifications