Video: भारत की पहली डबल डेकर AC इलेक्ट्रिक बस गडकरी के हाथों लॉन्च, जानिए खासियत
मुंबई, 18 अगस्त: नितिन गडकरी ने आज मुंबई में देश की पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस लॉन्च की है। ऐसी बसें लंदन में चलती हैं और काफी लोकप्रिय हैं। संभावना है कि सितंबर से यह बसें बेस्ट की तरफ से अपनी सेवाएं देने लगेंगी। आने वाले कुछ महीनों में इस तरह की 900 इलेक्ट्रिक बसें मायानगरी की सड़कों पर उतरेंगी, जिनमें से कुछ सिंगल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी होंगी। खास बात ये है कि ये बसें प्रीमियम सेवाओं के तौर पर लॉन्च की जाएंगी, जिसमें सीटों की बुकिंग ऐप के माध्यम से हो सकेगी। ये बसें कई खूंबियों वाली हैं, जानिए उनके बारे में।

पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस लॉन्च
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज मुंबई में भारत के पहले डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस को लॉन्च कर दिया है। यह बस बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के लिए अपनी सेवाएं देगी। यह कार्यक्रम दक्षिण मुंबई स्थित एनसीपीए में आयोजित किया था। हालांकि, दिलचस्प बात ये है कि नई डबल डेकर बस की लॉन्चिंग से पहले ही लाल रंग की इस बस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो चुकी थीं। बेस्ट के अधिकारियों ने पहले बताया था कि गुरुवार को लॉन्चिंग के बाद इस बस को बेस्ट के हवाले कर दिया जाएगा।
Recommended Video

900 इलेक्ट्रिक बसें मंगाई गई हैं
बेस्ट ने एक निजी कंपनी के साथ 900 इलेक्ट्रिक बसें सप्लाई करने का करार कर रखा है, जिसमें से 50 फीसदी बसें अगले साल मार्च तक डिलवरी कर दिए जाने की संभावना है। बाकी 50 फीसदी बसें उसके बाद बेस्ट में शामिल होंगी। हालांकि, इन इलेक्ट्रिक बसों में डबल डेकर के अलावा सिंगल फ्लोर बसें भी शामिल होंगी। ऐसी बसें मुख्य तौर पर मुंबई में ऐप-बेस्ड पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तौर पर चलाई जाने वाली हैं, जिसके लिए बेस्ट ने मायानगरी के लिए एक योजना तैयार कर रखी है। बेस्ट की सेवाओं में फिलहाल करीब 3,700 बसें हैं और इसमें 900 बसें शामिल हो जाने के बाद यह संख्या 4,600 की हो जाएगी

बेस्ट की बसों में रोज 30 लाख से ज्यादा लोग करते हैं सफर
बेस्ट अधिकारियों का कहना है कि पैसेंजर मोबाइल ऐप के जरिए इन बसों में अपनी सीटों की बुकिंग कर सकेंगे और उन्हें परंपरागत बस सेवाओं की तुलना में इन प्रीमियम बस सेवाओं के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। मुंबई में उपनगरीय ट्रेनों के अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तौर पर बेस्ट की बसें आवागमन की दूसरी सबसे बड़ी साधन हैं। बेस्ट बसों से मुंबई और आसपास के उपनगरीय इलाकों में रोजाना 30 लाख से ज्यादा पैसेंजर यात्रा करते हैं। वहीं मुंबई की लोकल ट्रेनों में हर दिन यात्रा करने वाले यात्रियों की तादाद 75 लाख से भी ज्यादा है।

लंदन में चलती हैं ऐसी बसें
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जिस डबल डेकर इेक्ट्रिक बस की लॉन्चिंग की है, उसे बनाने वाली कंपनी का नाम अशोक लेलैंड है। जानकारी के मुताबिक ये बसें अपनी क्लास में सबसे हल्की हैं, क्षमता में सबसे ज्यादा और रेंज भी अधिक है। ये मेट्रोडेकर बसें अभी लंदन जैसी शहरों में चलती हैं, जहां ये काफी लोकप्रिय हैं।
मेट्रोडेकर की खासियत
अगर मेट्रोडेकर की विशेषताओं की बात करें तो इसकी लंबाई 10.5 मीटर से लेकर 11.1 मीटर तक की होती है। इसमें 99 पैसेंजरों तक के बैठने की जगह होती है। यह 250 किलो वॉट के इलेक्ट्रिक मोटर पर चलती है और एक बार चार्ज करने पर यह 300 किलो मीटर से ज्यादा दूरी तय कर सकती है। जानकारी के मुताबिक यह डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें अगले महीने से मुंबई में यात्रियों की सेवाओं के लिए सड़कों पर चलने लगेंगी।












Click it and Unblock the Notifications