भारत-रूस 2+2 वार्ता: भारत ने रूस से की AK-203 असॉल्ट राइफल खरीद की डील
नई दिल्ली, 06 दिसंबर: भारत और रूस ने सोमवार को कलाश्निकोव सीरीज के छोटे हथियारों के निर्माण के क्षेत्र में सहयोग में संशोधन के साथ-साथ AK-203 असॉल्ट राइफलों की खरीद की डील पर हस्ताक्षर किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके रूसी समकक्ष जनरल सर्गेई शोइगु ने भारत-रूस राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए छह लाख से ज्यादा AK-203 असॉल्ट राइफलों की खरीद के लिए एक समझौता और 2021-2031 तक सैन्य-तकनीकी सहयोग पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
Recommended Video

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ भारत और रूस के बीच पहली बार हो रही 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान कलाश्निकोव सीरीज के छोटे हथियारों के निर्माण के क्षेत्र में सहयोग पर समझौते में संशोधन पर प्रोटोकॉल के लिए एक अन्य समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस डील पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उम्मीद जताई कि इन समझौतों से पूरे क्षेत्र में शांति और स्थिरता आएगी।
वहीं रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत-रूस डिफेंस इंगेजमेंट में हाल के दिनों में अभूतपूर्व तरीके से प्रगति हुई है। हमें उम्मीद है कि रूस इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारत के लिए एक प्रमुख भागीदार बना रहेगा। भारत और रूस के बीच 2+2 अंतर-मंत्री स्तरीय वार्ता में बोलते हुए सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध अभूतपूर्व तरीके से आगे बढ़े हैं।
इधर, रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने कहा कि हमारे देशों के संबंध के लिए इस समय सैन्य और तकनीकी क्षेत्र में भारत-रूस का सहयोग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आज अंतर सरकारी आयोग की बैठक में रक्षा क्षेत्र सहयोग के बारे में रक्षा मंत्री के साथ हमारी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि दोनों देश की एजेंसियां योगदान करेगी ताकि हम क्षेत्रीय विश्वास को बढ़ा सकें और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा को आगे बढ़ा सकें।












Click it and Unblock the Notifications