Manipur Violence: पीड़ितो से मिले विपक्षी सांसद, बताए मणिपुर के ताजा हालात, जानें किसने क्या कहा?
मणिपुर हिंसा के मद्देनजर वहां के प्रभावित लोगों से मिलने के लिए 21 विपक्षी सांसदों का डेलिगेशन 29 जुलाई को मणिपुर पहुंचा। मणिपुर पहुंचने के बाद सभी सांसदों ने राहत शिविरों का दौरा किया। इस दौरान सभी सांसदों ने वहां मौजूद पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और सभी का हाल समाचार जाना। वहीं विपक्षी सांसदों की एक अन्य टीम ने बिष्णुपुर जिले के मोइरंग कॉलेज राहत शिविर का दौरा किया। मुलाकात के बाद सभी सांसदों ने राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। आइए जानते हैं किसने क्या कहा?
मणिपुर में हर कोई शांति चाहता है: गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने दौरे की जानकारी देते हुए कि हमने आज चुराचांदपुर में 2, इंफाल में 1 और मोइरांग में 1 राहत शिविर का दौरा किया। हर कोई शांति चाहता है, हर कोई फिर से सामान्य जिंदगी चाहता है। अब हम अपनी दूसरी टीम से मिलेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे और कल हम राज्यपाल से मिलेंगे। हम लोगों के डर और अपेक्षाओं को समझने के लिए मणिपुर आए हैं और हम इसे संसद में प्रतिबिंबित करेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि मणिपुर में जल्द शांति लौटेगी और सभी को न्याय मिलेगा।

गौरव गोगोई ने प्रधानमंत्री को लेकर भी दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकमात्र प्रतिनिधिमंडल है जो लगातार मणिपुर का दौरा करता है। हमने हमेशा कहा है कि अगर प्रधानमंत्री सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना चाहते हैं, तो हमें इसका हिस्सा बनने में खुशी होगी। अंत में, हम चाहते हैं कि शांति स्थापित हो। पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल, तमिलनाडु के राजनीतिक दल लोगों के साथ बातचीत करें और हम चाहते हैं कि उनकी चिंताओं को संसद में प्रस्तुत किया जाए।
राज्य और केंद्र को ठोस कदम उठाना चाहिए: अधीर रंजन
बिष्णुपुर जिले में एक राहत शिविर का दौरा करने के बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मणिपुर के लोग चाहते हैं कि वे शांति से जिंदगी गुजारें। केंद्र और राज्य सरकार को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए... हजारों की संख्या में लोगों को अपने घर से दूर यहां रहना पड़ रहा है। मणिपुर के मुख्यमंत्री को सबके साथ मिलकर बात करना जरूरी है। यहां लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications