कोरोना ने सब कुछ तबाह कर दिया, तमाम चेतावनियों के बावजूद मोदी बस अपनी छवि चमकाने में लगे रहे: राहुल
कोरोना पर चेतावनियों के बावजूद मोदी बस अपनी छवि चमकाने में लगे रहे: राहुल
नई दिल्ली, 1 मई: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोरोना वायरस संक्रमण की देश में स्थिति को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेहद कड़ी आलोचना की है। राहुल गांधी ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि आज देश की जो स्थिति है वो भयावह है लेकिन सरकार को इसकी फिक्र नहीं दिखती है। प्रधानमंत्री को सिर्फ अपनी छवि चमकाने में दिलचस्पी है और वो इसी में लगे हैं। वहीं कोरोना वायरस वैक्सीन की कमी और इसके दामों को लेकर भी राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी को फेल बताया है।
Recommended Video

भारत कोरोना का केंद्र बन गया है
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना की देश में लहर नहीं बल्कि सुनामी है। एक ऐसी सुनामी है जिसने सब कुछ तबाह कर दिया है। भारत अब दुनिया में कोरोना का केंद्र बन गया है। यहां जो स्थिति है, उससे पूरी दुनिया देख रही है। राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना से निपटने में पूरी तरह से फेल हो गई है। अब उसने गेंद को राज्य सरकारों के पाले में गिरा गिया है। जब कोरोना वायरस के मामले कम हो गए, तो सरकार ने जीत की घोषणा की, पीएम ने हमेशा की तरह सारा श्रेय लिया, अब वे राज्यों पर आरोप लगा रहे हैं।

पीएम पर जमकर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी एक ऐसी सरकार चला रहे हैं, जिसमें सिर्फ कुछ ही चेहरे हैं। वहां लोकतंत्र नहीं है, कोई अपनी बात नहीं कह सकता है। पीएम का पूरा ध्यान अपने ब्रांड को चमकाने पर है, वो हकीकत में जाने की बजाय धारणाएं बनाने पर काम करते हैं। ये एक घमंडी सरकार है और वास्तविकता ये है कि कोरोना से विनम्रता के साथ लड़ा जा सकता है। राहुल गांधी ने कंपनियों के वैक्सीन की कीमतें तय करने, राज्यों को ज्यादा दाम पर देने और फिर दाम कर देने को लेकर कहा कि ये क्या कोई डिस्काउंट प्रोग्राम है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के दामों को लेकर जो हुआ, वो देश ने देखा है।
राहुल ने कहा कि कोरोना सिर्फ समस्या का हिस्सा है। भारत अब किसी भी बड़े संकट से नहीं निपट सकता क्योंकि व्यवस्था को खत्म करने का काम मौजूदा सरकार ने किया है। प्रेस, न्यायपालिका, चुनाव आयोग, नौकरशाही, किसी ने भी अपनी जो भूमिका थी वो नहीं निभाई है। संस्थाओं को खत्म कर दिया गया है। भारत एक तूफान में फंसा जहाज हो गया है।

पार्टी के भीतर चुनावों पर कही ये बात
कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि अपने समय पर ये चुनाव होंगे। कांग्रेस में अपनी भूमिका को लेकर उन्होंने साफ किया कि जो भी पार्टी चाहेगी वो मैं करूंगा, लेकिन पार्टी की बजाय हमारा ध्यान महामारी पर है।












Click it and Unblock the Notifications