भारत ने नेपाल सरकार के सामने उठाया बॉर्डर पर फायरिंग में भारतीय नागरिक की मौत का मामला
नई दिल्ली। भारत सरकार ने सीमा पर शुक्रवार को नेपाली पुलिस की फायरिंग और इसमें भारतीय नागरिक की हत्या के मामले को नेपाल सरकार के साथ उठाया है। एएनआई ने सूत्रो के आधार पर ये खबर दी है। भारत ने नेपाल से मामले को लेकर नाखुशी जाहिर करते हुए अपनी बात रखी है। इस घटना में दो भारतीय जख्मी भी हुए हैं और कुछ के साथ मारपीट भी की गई है।

भारत-नेपाल सीमा पर शुक्रवार को नेपाल शस्त्र बल की ओर से फायरिंग की गई थी। इसमें बिहार से लगी जानकीनगर बॉर्डर पर खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए।नेपाल पुलिस ने सीमा से एक व्यक्ति को बंधक भी बना लिया। ग्रामीणों की मानें तो नेपाल की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई।
बता दें कि नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत की सीमा में आने वाले कुछ हिस्सों पर अपना दावा जताया है। इस नक्शे को लेकर भी दोनों देशों के रिश्तों में बीते कुछ दिनों से तनाव है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा क्षेत्र को अपना बताया है। नेपाल की संसद ने इसको मंजूरी भी दे दी है। वहीं भारत ने साफ कर दिया है कि नेपाल के नए नक्शे का कोई मतलब नहीं है क्योंकि ये किसी तथ्य पर आधारित नहीं है। भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications