7 May Civil Defence Mock Drill: क्या स्कूल-बैंक आज बंद? कटेगी बिजली? इंटरनेट भी डाउन? जानें हर सवाल का जवाब
India Civil Defence Mock Drill 7 May: अगर अचानक सायरन बजने लगे और लाइटें बंद हो जाएं, तो क्या आप तैयार हैं? 7 मई 2025 को पूरे भारत में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा, जब देशभर के 250 से ज़्यादा जिलों में 'सिविल डिफेंस' मॉक ड्रिल यानी नकली अभ्यास किया जाएगा।
इसका मकसद है - देश को किसी भी आपात स्थिति के लिए पहले से तैयार रखना। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है, ये सिर्फ एक अभ्यास है। आइए 11 सवालों में जानें आपके मन की दुविधा के हर जवाब...

1-मॉक ड्रिल क्या है और क्यों हो रही है?
ये मॉक ड्रिल हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए हो रही है। ये ड्रिल 244 जिलों में होगी, जिनमें दिल्ली, चंडीगढ़, जालंधर, पटना, अहमदाबाद, विशाखापत्तनम जैसे बड़े शहर शामिल हैं। मकसद है कि अगर भविष्य में कोई बड़ा खतरा आए तो सरकार, सेना और जनता सब मिलकर सुरक्षित रह सकें। मॉक ड्रिल एक तरह की ट्रेनिंग है, जो बताती है कि अगर कभी कोई हवाई हमला या दूसरी इमरजेंसी हो जाए तो हमें क्या करना चाहिए। ये एक प्लान के तहत होता है ताकि सरकार, सेना और आम जनता सब मिलकर बिना घबराए सही फैसले ले सकें।
2-क्या-क्या हो सकता है इस मॉक ड्रिल में?
7 मई को देशभर में ये चीजें हो सकती हैं-
- हवाई हमले का सायरन बज सकता है
- बिजली कुछ देर के लिए बंद हो सकती है (ब्लैकआउट सिमुलेशन)
- लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की ड्रिल होगी (निकासी अभ्यास)
- बंकरों की सफाई और चेकिंग की जाएगी
- एयर फोर्स के साथ मिलकर युद्धकालीन अभ्यास होगा
- कंट्रोल रूम्स और कम्युनिकेशन सिस्टम की जांच होगी
3- क्या स्कूल-कॉलेज और बैंक बंद?
नहीं। मॉक ड्रिल के दिन सभी स्कूल, कॉलेज, बैंक और दफ्तर खुले रहेंगे। ये अभ्यास इस तरह से किया जाएगा कि आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर ज्यादा असर न पड़े।
4- क्या बिजली गुल हो जाएगी?
कुछ जगहों पर थोड़े समय के लिए बिजली बंद की जा सकती है, ताकि 'ब्लैकआउट' का अभ्यास किया जा सके। इसका मकसद है, ये जानना कि अगर दुश्मन का हवाई हमला हो, तो लाइट बंद करके हम कैसे बचाव कर सकते हैं। लेकिन ये बंदी बहुत सीमित और छोटी होगी।
5- क्या मोबाइल और इंटरनेट भी बंद?
फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि मोबाइल या इंटरनेट सेवाएं बंद की जाएंगी। फिर भी अगर आप किसी खास इलाके में हैं, तो वहां की लोकल अथॉरिटी से अपडेट लेते रहना अच्छा रहेगा।
6- मॉक ड्रिल में कौन-कौन हिस्सा लेगा?
- स्कूल और कॉलेज के छात्र
- पुलिस और सेना के जवान
- रेलवे, मेट्रो और अस्पताल कर्मचारी
- सरकारी और प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारी
- आम नागरिक जिन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा
7- किस समय शुरू होगी ड्रिल?
कई शहरों में यह मॉक ड्रिल 7 मई को करीब 4 बजे से शुरू हो सकती है। हालांकि अलग-अलग जगहों पर इसका समय थोड़ा बदल सकता है।
8-किन शहरों में होगा ये अभ्यास?
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता जैसे बड़े शहरों में ये ड्रिल खास तौर पर की जाएगी। वहीं, जहां परमाणु संयंत्र, मिलिट्री बेस या बांध जैसे महत्वपूर्ण स्थल हैं - जैसे गुजरात, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु - वहां भी विशेष तैयारी की जा रही है।
9- जनता को क्या करना चाहिए?
सबसे जरूरी बात - घबराएं नहीं। ये सिर्फ एक अभ्यास है। अगर आपके इलाके में कुछ ऐसा होता है, तो शांत रहें और अधिकारियों की बात मानें। इसका मकसद सिर्फ एक है - अगर असली संकट आए तो हम सब तैयार रहें।
10- दिल्ली और जालंधर में क्या हो रहा है?
दिल्ली सरकार ने स्कूलों को सलाह दी है कि 7 मई को बच्चों को नागरिक सुरक्षा और इमरजेंसी के समय क्या करना चाहिए - इस पर जानकारी दें। वहीं, जालंधर छावनी में एक दिन पहले ही ब्लैकआउट ड्रिल की गई, जिससे लोगों को सचेत किया जा सके कि ऐसे हालात में कैसे रिएक्ट करना है।
11- भारतीय वायुसेना की क्या भूमिका है?
मॉक ड्रिल के साथ-साथ भारतीय वायुसेना भी पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी इलाकों में एक दो दिन का हाई-इंटेंसिटी हवाई अभ्यास कर रही है। ये अभ्यास युद्ध जैसी स्थिति में तेजी से रिएक्शन और कोऑर्डिनेशन को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications