भारत-चीन के बीच 12 अक्टूबर को फिर होगी कॉर्प्स कमांडर स्तर की बैठक
भारत-चीन में 12 अक्टूबर को फिर होगी कॉर्प्स कमांडर बैठक
नई दिल्ली। भारत और चीन बीच सीमा विवाद को लेकर 12 अक्टूबर को एक बार फिर कॉर्प्स कमांडर स्तर की बैठक होगी। बॉर्डर पर तनाव घटाने के उद्देश्य से होने वाली कमांडर स्तर की ये सातवीं बैठक है। अब तक दोनों देशों के बीच छह दौर की कोर कमांडर-स्तरीय वार्ता हो चुकी है। दोनों ही देशों की ओर से हर बार बातचीत के जरिए तनाव कम करने और अच्छे माहौल में बात होने का दावा किया गया है। हालांकि सीमा पर तनाव बरकरार है।

भारतीय सेना के सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच जारी सैन्य गतिरोध को कम करने के लिए पूर्वी लद्दाख सेक्टर में 12 अक्टूबर को कोर कमांडर-स्तरीय वार्ता होगी। इससे पहले दोनों देशों के बीच मोल्डो में चीनी क्षेत्र में 21 सितंबर को छठे दौर की कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई थी। यह बैठक लगभग 14 घंटे तक चली थी। इसमें विदेश मंत्रालय के अफसर भी शामिल हुए थे। बैठक में तनाव कम करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
इससे पहले बुधवार को भारत और चीन के बीच बुधवार को डब्ल्यूएमसीसी की 19वीं बैठक हुई। विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि इस बैठक में भारत और चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेख पर मौजूदा हालात की समीक्षा की और 20 अगस्त को हुई WMCC की बैठक के बाद हुए घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर बीते कई महीनों से भारत और चीन के बीच तनाव है। कुछ मौकों पर दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने भी आई हैं। जून में गलवान घाटी में दोनों देशों की सेनाओं के बीच झड़प और 20 भारतीय सैनिकों की शहादत के बाद हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए थे। इसके बाद से लगातार अलग-अलग स्तरों पर दोनों देश बात कर रहे हैं। भारत लगातार ये मांग कर रहा है कि चीन सीमा पर पीछे हटे और अप्रैल में जो स्थिति थी, उसे बनाए।












Click it and Unblock the Notifications