लद्दाख: विजय दिवस के दिन चीन ने रखा बातचीत का प्रस्ताव, भारत ने किया इनकार
नई दिल्ली, 22 जुलाई: लद्दाख में एलएसी पर पिछले साल मई में शुरू हुआ विवाद अभी तक जारी है। इस दौरान कई बार भारत और चीन की सेना की बीच झड़प भी हुई। हालांकि लगातार बातचीत के जरिए इस मुद्दे को हल किए जाने की कोशिश की जा रही है। हाल ही में चीन ने 12वें दौर की सैन्य वार्ता का प्रस्ताव रखा था। साथ ही उसके लिए 26 जुलाई की तारीख तय की, लेकिन भारतीय सेना ने उस दिन बात करने के लिए हामी नहीं भरी। ऐसे में अब नई तारीख पर विचार किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक चीन 26 जुलाई को 12वें दौर की वार्ता करना चाहता है, लेकिन उस दिन कारगिल विजय दिवस है। ऐसे में भारतीय सेना ने 26 तारीख को बात करने से इनकार कर दिया। साथ ही चीन को विजय दिवस के बारे में सूचित कर दिया गया। अब दोनों पक्ष नई तारीखों पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों ने आगे बताया कि अगली बैठक में भारत-चीन के अधिकारी देपसांग फील्ड, गोगरा, हॉट स्प्रिंग में चल रहे विवाद पर बात कर सकते हैं।
चीन की नई साजिश
एक ओर भारत जहां लद्दाख में बातचीत के जरिए समाधान खोजने की कोशिश कर रहा है, तो वहीं दूसरी ओर चीन झिंजियांग प्रांत के शाक्चे टाउन में लड़ाकू विमानों के संचालन के लिए नया एयरबेस बना रहा है। ये इलाका पूर्वी लद्दाख क्षेत्र के करीब है, जहां काफी वक्त से भारत-चीन की सेनाओं के बीच तनाव चल रहा है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक चीन विवादित इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है, जिस वजह से ये बेस बनाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications