घुसपैठियों के खिलाफ 'जंग छेड़ने' का PM मोदी ने किया ऐलान, कहा- शुरू करेंगे 'हाई पावर डेमोग्राफी मिशन'
PM Modi Independence Day Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को लाल किले की प्राचीर से करीब एक घंटे 43 मिनट का का संबोधन दिया। यह उनका लगातार 12वां स्वतंत्रता दिवस भाषण था। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने अपने भाषण में कई मुद्दों पर बात की।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया, सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर या 'आत्मनिर्भर भारत' बनने की दिशा में कदम और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के 'विकसित भारत' विजन पर जोर दिया, जब देश अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऐलान किया कि देश में जल्द ही घुसपैठियों के खिलाफ 'हाई पावर डेमोग्राफी' मिशन शुरू किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी देश घुसपैठियों के आगे नहीं झुकेगा, तो भारत ऐसा कैसे कर सकता है?

पीएम मोदी ने घुसपैठियों के संकट को लेकर चिंता जताई। पीएम मोदी ने कहा देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है, ये घुसपैठिये हमारे युवाओं का रोजगार छीन रहे हैं, हमारे मां-बेटी को निशाना बना रहे हैं, ये हमारी जमीन हड़प रहे हैं, वे आदिवासियों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, ये घुसपैठिये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सकंट है। हम अपना देश इनके लिए छोड़ नहीं सकते हैं। हम जल्द ही इसके खिलाफ हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा- कोई देश अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
"षड्यंत्र के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। यह घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, घुसपैठिए देश की बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। यह घुसपैठिए आदिवासियों को भ्रमित करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, यह देश सहन नहीं करेगा। जब सीमावर्ती क्षेत्र में डेमोग्राफी में परिवर्तन होता है, तब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा होता है, देश की एकता और प्रगति के लिए संकट पैदा होता और कोई देश अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है...हमने एक 'हाई पावर डेमोग्राफी मिशन' शुरु करने का निर्णय किया है।''












Click it and Unblock the Notifications