देशभर में 32 जगहों पर आयकर विभाग की छापेमारी, 500 करोड़ से ज्यादा की हेराफेरी का खुलासा
नई दिल्ली: टैक्स चोरी के मामले में आयकर विभाग ने दो दिन पहले एक बड़ी कार्रवाई की थी, जिसके तहत तमिलनाडु, मुंबई और कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी हुई। ये छापेमारी 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के अघोषित आय से संबंधित थी। इस छापेमारी के दौरान कई जगहों पर आयकर विभाग की टीम को बड़ी गड़बड़ी के सबूत मिले हैं। साथ ही सोने का भारी स्टॉक भी मिला है, जो नियमों के विरुद्ध रखा गया था।

आयकर अधिकारियों के मुताबिक चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, कोयम्बटूर, सलेम, त्रिची, मदुरै और तिरुनेलवेली में 32 जगहों पर 10 नवंबर को एक साथ छापेमारी हुई थी। इस छापेमारी के दौरान 500 करोड़ की हेराफेरी का पता चला। छापेमारी में होलसेल गोल्ड डीलर, गोल्ड ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान शामिल थे। इसके अलावा नॉन बिजनेस इंवेस्टमेंट की जांच अभी जारी है। सामने आए सबूतों में विभिन्न स्थानों पर तय सीमा से ज्यादा का स्टॉक रखना शामिल है। एक अधिकारी के मुताबिक 814 किलोग्राम सोने का अतिरिक्त स्टॉक टीम को मिला, जिसकी कीमत 400 करोड़ रुपये है, हालांकि ये एक व्यापार स्टॉक है, ऐसे में इसे जब्त नहीं किया जा सकता है।
पिछले हफ्ते हुई थी बड़ी छापेमारी
आयकर विभाग ने पिछले हफ्ते चेन्नई स्थित एक समूह द्वारा संचालित आईटी इंफ्रा सेक्टर में छापेमारी की और वहां 1000 करोड़ रुपए की अघोषित नकदी का पता लगाया था। छापेमारी को चेन्नई और मदुरै के पांच स्थानों पर अंजाम दिया गया था। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा जारी एक बयान के अनुसार इस छापेमारी में सिंगापुर में पंजीकृत फर्म में निवेश से संबंधित साक्ष्यों का भी खुलासा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications