24 घंटे के भीतर भारतीय सेना ने लिया शहादत का बदला, पाकिस्तानी स्नाइपर ढेर
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार को पाकिस्तान की तरफ से किए गए गोलीबारी में मेजर सहित चार सैनिकों की शहादत का बदला भारतीय सेना ने 24 घंटे के अंदर-अंदर ले लिया है। भारतीय सेना ने पाक के एक स्नाइपर को ढेर कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के झांगर सेक्टर में भारतीय सैनिकों की जवाबी फायरिंग में एक पाक सैनिक मारा गया है। आपको बता दें कि पाकिस्तानी सैनिकों ने LoC के पास भारतीय सेना के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक मेजर और तीन सैनिक शहीद हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि संघर्ष विराम उल्लंघन की ताजा घटना ऐसे वक्त हुई जब मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती लोगों की शिकायतें दूर करने के इरादे से राजौरी जिले में हैं।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने दोपहर करीब सवा बारह बजे केरी सेक्टर के ब्रात गल्ला में थल सेना की एक गश्ती दल को निशाना बनाया। प्रवक्ता ने बताया, मेजर मोहरकर प्रफुल्ल अंबादास, लांस नायक गुरमैल सिंह, लांस नायक गुरमीत सिंह और सिपाही परगट सिंह संघर्ष विराम उल्लंघन के दौरान अपनी जान गंवा बैठे।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में सेना, पैरामिलिट्री फोर्सेज और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए गए सफल ऑपरेशन से आतंकियों के पैर उखड़ गए हैं। पाकिस्तानी फौज और सीमापार बैठे आतंकियों के आका भी बौखलाए हुए हैं। यह हमला पाक सेना की उसी बौखलाहट को दर्शाता है। उधर, मुंबई हमले का गुनहगार हाफिज सईद आए दिन भारत के खिलाफ जहर उगलता रहता है। उसे सीमापार पाक के कब्जे वाले कश्मीर में अक्सर देखा जाता है। हालांकि सेना ने साफ कर दिया है कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications