कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उन्हीं के नेता ने कहा 'पप्पू', पार्टी ने की सदस्यता रद्द
कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को सोशल मीडिया पर कई नामों से बुलाया जाता है, लेकिन ये नाम लेना पार्टी के ही एक नेता को भारी पड़ गया। राजस्थान में पार्टी के एक नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष को 'पप्पू' कह दिया, जिसके बाद से उसे अपनी सदस्यता से हाथ धोना पड़ा।
जयपुर। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को सोशल मीडिया पर कई नामों से बुलाया जाता है, लेकिन ये नाम लेना पार्टी के ही एक नेता को भारी पड़ गया। राजस्थान में पार्टी के एक नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष को 'पप्पू' कह दिया, जिसके बाद से उसे अपनी सदस्यता से हाथ धोना पड़ा। राजस्थान के युवा कांग्रेस के महासचिव ब्रह्मप्रकाश विश्नोई ने अपने व्हॉट्सऐप में राहुल गांधी को 'पप्पू' कहा था, जिसके बाद उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है।
राजस्थान के युवा कांग्रेस के महासचिव की सदस्यता रद्द कर दी गई है। ब्रह्मप्रकाश विश्नोई ने कांग्रेस महासचिव को व्हॉट्सऐप ग्रुप में 'पप्पू' कह दिया था, जिसके बाद पार्टी ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी। कहा जा रहा है कि विश्नोई राजस्थान यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष केशव चंद्र यादव को बनाए जाने से नाराज थे। केशव चंद्र यादव को कुछ वक्त पहले ही राजस्थान युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया और उनके नाम पर मुहर खुद कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाई है।
यादव यूपी युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं। राजस्थान में होने वाले चुनाव के मद्देनजर उन्हें राजस्थान युवा कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी, जो कुछ लोगों को रास नहीं आई। इसमें विश्नोई भी शामिल थे। यादव के अध्यक्ष बनने पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने अपने व्हॉट्सऐप ग्रुप पर लिखा दिया, 'आज पता चला कि लोग राहुल गांधी को पप्पू क्यों कहते हैं?' कुछ वक्त में ही ये मैसेज वायरल हो गया। इसके बाद सोमवार शाम विश्नोई की सदस्यता रद्द कर दी गई।
पार्टी का कहना है कि विश्नोई ने पार्टी अध्यक्ष का अपमान किया है। इसलिए उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: #KarnatakaVerdict: भाजपा की बढ़त पर सोशल मीडिया ने लिए मजे, 'पप्पू' और 'ईवीएम' को भी नहीं छोड़ा