भारत की एयर स्ट्राइक के बाद बोले इमरान खान- सेना और जनता हर परिस्थिति के लिए रहे तैयार
इस्लामाबाद। जम्मू कश्मीर के पुलवामा हमले के जवाब में भारत की जवाबी एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। इस हमले के कुछ घंटों के बाद पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की बैठक हुई है। कमेटी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, पाकिस्तान समय और जगह देखकर भारत को जवाब देगा। इसके साथ ही इमरान खान ने पाकिस्तान की जनता और सेना को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।

हर हालात के लिए तैयार रहे पाकिस्तान
हमले के बाद पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए इमरान खान ने कहा कि, देश की जनता और सेना इस हमले के बाद किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार रहे। इसके अलावा पाकिस्तान में बुधवार को संसद का संयुक्त सत्र बुलाया गया है, जहां विदेश मंत्री सदन को हालात का ब्यौरा देंगे। वहीं भारत की एयर स्ट्राइक के बाद इमरान खान ने नेशनल सिक्योरिटी कमेटी बैठक बुलाई थी। इस बैठक में कहा गया कि, भारत ने बेवजह भड़काने वाली कार्रवाई की है। अब पाकिस्तान अपने हिसाब से जगह और वक्त तय करके जवाब देगा।

ये भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ आक्रमकता है
इससे पहले भारत के हमले से तिलमिलाए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि, ये भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ आक्रमकता है। ये एलओसी का उल्लंघन है और पाकिस्तान को जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा का अधिकार है। कुरैशी ने कहा, 'यह हमारा यकीन है कि अल्लाह ही एकमात्र सर्वोच्च ताकत है। हम एक शांतिप्रिय देश हैं। आतंक के खिलाफ लड़ाई में अपना महत्व हमने जाहिर किया है। हम किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं।

300 आतंकी मारे जाने की खबर
बता दें कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने मंगलवार को पीओके के आतंकी कैंप पर (Air strike on Terrorist Camp) भारतीय वायुसेना (indian air force) ने हवाई हमला किया और उसके सारे कैंपों को तबाह कर दिया। वायुसेना ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ यह कार्रवाई मंगलवार तड़के 3:50 बजे की। 12 मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने बालाकोट में 15 मिनट में 6 बम बरसाए। इसमें फिदायीन हमलों के 25 ट्रेनर समेत 350 आतंकी मारे गए। इस कैम्प में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं मौजूद थीं। बालाकोट एबटाबाद के पास है और एलओसी से करीब 80 किलोमीटर दूर है। एबटाबाद में ही अमेरिकी सेना ने अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को मारा था।

हमले के वक्त सो रहे थे आतंकी
जब वायुसेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की, तब ट्रेनिंग कैम्प में मौजूद सभी आतंकी सो रहे थे। पाकिस्तान एजेंसियों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि देश के अंदर कोई हमला होगा। उन्हें एलओसी के पास पीओके स्थित कैम्पों पर सर्जिकल स्ट्राइक का शक था। वायुसेना ने इस हमले में जैश के चीफ मसूद अजहर के साले अजहर यूसुफ और इब्राहिम अजहर को निशाना बनाया। यूसुफ के खिलाफ 2000 में इंटरपोल ने लुक आउट नोटिस जारी किया था।












Click it and Unblock the Notifications