Heat Wave: अभी और झुलसाएगी लू, दिल्ली-राजस्थान-गुजरात समेत 5 राज्यों में रेड अलर्ट, जानें कब मिलेगी राहत?
Weather News, IMD Heat Wave Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कें सूनी हैं, लोग घरों में दुबके हुए हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिन गर्मी का प्रकोप और तेज होगा। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, यूपी समेत कई राज्यों में लू की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ राज्यों में थोड़ी राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है।
गुजरात-राजस्थान में रेड अलर्ट (IMD Heat Wave Alert in Gujarat Rajasthan)
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने सोमवार को बताया कि गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में इस समय 'सीवियर हीटवेव' (भीषण लू) का प्रकोप है, जिसके चलते इन इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में तो पारा 45 डिग्री को भी पार कर गया है, जो पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में अगले 3 दिनों तक लू का असर रहेगा, जबकि दिल्ली-एनसीआर में भी अगले 72 घंटे तक भयंकर गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
हिमालय में राहत की उम्मीद, मगर मैदानी इलाकों को झुलसना होगा
मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कल रात से हिमालयी राज्यों में सक्रिय होगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, इसका असर मैदानी इलाकों पर नहीं पड़ेगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अभी कम से कम 3-4 दिन और भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले सप्ताह के आखिर तक उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है। लेकिन तब तक लोगों को इस भीषण गर्मी से जूझना होगा। सरकार ने भी हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
लोगों को क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?
डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घरों में ही रहें। बाहर निकलने पर सिर ढककर रखें, खूब पानी पिएं और नींबू पानी, छाछ जैसे पेय लेते रहें। बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें, क्योंकि उन पर हीटस्ट्रोक का सबसे ज्यादा खतरा होता है।












Click it and Unblock the Notifications