'हिंदू धर्म से अच्छा है इस्लाम, इसे अपना लो', कंधार हाईजैक में आतंकियों को लेकर यात्री का सनसनीखेज दावा
कांधार हाईजैक पर बनी नेटफ्लिक्स सीरीज IC 814: The Kandahar Hijack 2024 लगातार चर्चा में बनी हुई है। जिस तरह से आतंकियो के असली नाम को सीरीज में नहीं बताया गया बल्कि उनके हिंदू कोड नेम को ही बताया गया, उसको लेकर सीरीज के निर्माता सवालों के घेर में हैं। इस बीच इस विमान में यात्रा करने वाली यात्री ने आतंकियों को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि आतंकी उन्हें इस्लाम धर्म अपनाने को कहते थे।
कंधार हाईजैक विमान में यात्रा करने वाली पूजा कटारिया ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि इस सीरीज को लेकर कोई विवाद होना चाहिए। आतंकियों के नाम को लेकर जो विवाद हो रहा है, मुझे नहीं समझ आ रहा है क्यों हो रहा है, ये लोग अपने आप में इसी कोड नेम के साथ एक-दूसरे को बुलाते थे।

हमेशा कोड वर्ड में करते थे बात
ये लोग हमेशा कोड वर्ड में बात करते थे। सीरीज में ऐसा कुछ नहीं है कि बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया, जो हुआ, वही दिखाया गया है। हमें इन लोगों के असली नाम बाहर आकर पता चला था। विमान के भीतर यात्रियों को कुछ नहीं पता था, उन्हें यह भी नहीं पता था कि विमान कहां खड़ा है।
सीरीज में सबकुछ सही
पूजा कटारिया ने कहा कि सीरीज में सबकुछ सही दिखाया गया है। आतंकियों के नाम पर हो रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि वो लोग जो आपस में एक दूसरे को कोड नेम से बुलाते थे, वो वही थे। चीफ, डॉक्टर, बर्गर, भोला और शंकर उनके नाम थे, जो वो आपस में एक दूसरे को बुलाते थे।
डॉक्टर काफी पढ़ा-लिखा था
पूजा ने कहा कि डॉक्टर बहुत पढ़ा-लिखा था, बोलने से ही पता चलता था। उसने एक-एक घंटे का भाषण दिया था कि आपको इस्लाम धर्म अपना लेना चाहिए। हो सकता है कि लोग जान बचाने के लिए भी लोग मान लेते थे। वो जैसे बोल रहे थे, ऐसा लगता था कि इस्लाम धर्म बहुत अच्छा है।
हिंदू धर्म से अच्छा है इस्लाम
पूजा ने बताया कि डॉक्टर ने तीन-चार बार भाषण दिया था कि आप इस्लाम धर्म अपना लो, इस्लाम धर्म बहुत अच्छा है, आपके हिंदू धर्म से बहुत अच्छा है। लोग कंविंस हो जाते थे, हो भी गए थे, लेकिन बाद में 30 उन लोगों ने बोलना शुरू कर दिया था कि आपकी सरकार कुछ नहीं कर रही है, आपको मारने लगे हैं।
बर्गर काफी फ्रैंडली था
यात्रियों को शांत करने के लिए उन लोगों ने दोस्ताना बर्ताव किया, सीरीज में भी दिखाया गया है कि वो अंताक्षरी खेल रहे हैं, ऐसा ही था, वो लोगों को शांत रखने के लिए ये सब कर रहे थे। उनमे सबसे ज्यादा बर्गर ही फ्रैंडली था, बाकी सब चुप थे।
पति नहीं देखना चाहते हैं सीरीज
उस वक्त हमने नहीं सोचा था कि यह इतना मुश्किल है, हम युवा थे तो हमें पता भी नहीं चल रहा था कि बाहर क्या चल रहा है। बाहर आकर पता चला कि जान भी जा सकती है। फ्लाइट में वरिष्ठ नागरिक जरूर डरे हुए थे। बता दें कि पूजा कटारिया के साथ उनके पति भी उस हाइजैक फ्लाइट में थे। उन्होंने नेटफ्लिक्स सीरीज को देखने से इनकार कर दिया था।
उन्होंने कहा कि वह फिर से उस ट्रामा को नहीं महसूस करना चाहते हैं। लेकिन पूजा ने कहा कि लोगों को देखना चाहिए। सरकार ने हमारे लिए क्या किया और क्या नहीं किया, वो अमृतसर में ऑपरेशन कर सकते थे, लेकिन उन्होंने नहीं किया।
मसूद को छोड़ना खतरनाक
जिसकी किस्मत थी बच गया, लेकिन मसूद को छोड़ना खतरनाक था, पहले ही हमला कर देते तो ऐसी स्थिति नहीं आती। यह सीरीज देखकर पता चलता है कि कमांडो अटैक हो जाना चाहिए था।












Click it and Unblock the Notifications