बापू के फैन कमल हासन को पसंद नहीं गांधी जी की ये बात
नई दिल्ली। साउथ सिनेमा के सुपर स्टार और नेता कमल हासन अक्सर अपने आप को महात्मा गांधी का फैन कहते हैं, उनके सोशल अकाउंट और इंटरव्यू में अक्सर महात्मा गांधी का जिक्र होता है। वो कई बार खुलकर कह चुके हैं कि गांधी जैसे व्यक्तियों की आज जरूरत है, गांधी केवल एक व्यक्ति विशेष का नाम नहीं है, बल्कि गांधी एक विचार है, एक सोच और आत्मशक्ति का नाम है लेकिन महात्मा गांधी के इस फैन ने अब एक बेहद ही अलग सी बात कही है, जिसे सुनकर लोग हैरान ही रह गए।

बापू के बहुत बड़े फैन हैं कमल हासन
दरअसल अभिनय की दुनिया का बहुत बड़ा नाम कमल हासन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'विश्वरूपम 2' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कमल हासन ने कहा कि हां मैं गांधी का बहुत बड़ा फैन हूं, मैं जब भी परेशान होता हूं, कहीं फंसता हूं तो गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों के जरिए खुद का बाहर निकालता हूं, एक आदमी ने पूरी दुनिया को पलट कर रख दिया क्योंकि उनकी सोच और विचार अलग थे, आज देश को कई गांधी की जरुरत है लेकिन मैं गांधी जी की सारी बातों से सहमत नहीं हूं।

शायद गांधीजी ने सिनेमा को समझा ही नहीं: कमल हासन
कमल हासन ने कहा कि मुझे गांधी जी का सिनेमा ना देखना पसंद नहीं है, वो सिनेमा को गलत समझते थे जबकि मेरी सोच इससे उलट है। मेरे लिए सिनेमा ही सबकुछ है, मुझे लगता है कि गांधीजी ने सिनेमा को समझा ही नहीं। मुझे लगता है वह आनंद से जिंदगी जीने के मामले में बेहद गंभीर थे।

'विश्वरूपम 2'
कमल हासन अपनी 2013 में रिलीज हुई विवादित फिल्म 'विश्वरूपम' का सीक्वल लेकर फिल्मों में वापसी कर रहे हैं, 'विश्वरूपम' की तरह ही 'विश्वरूपम 2' भी तमिल और हिंदी दोनों भाषाओं में बनी है।

10 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म 'विश्वरूपम 2' 10 अगस्त को रिलीज होने वाली है, फिल्म में कमल हासन की हिरोईन पूजा कुमार है।












Click it and Unblock the Notifications