मध्य प्रदेश संकट: विधानसभा स्पीकर बोले- इस्तीफा देने वाले विधायक मुझसे संपर्क क्यों नहीं कर रहे
भोपाल। मध्य प्रदेश सियासी उठापटक जारी है। कमलनाथ सरकार पर संकट बना हुआ है। इस संकट के बीच सोमवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें कमलनाथ सरकार की अग्निपरीक्षा होगी। वो विश्वास मत पेश करेंगे। इस बीच नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने जहां राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की तो वहीं एमपी विधानसभा के स्पीकर नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने कहा कि ये तो कल ही पता चलेगा कि फ्लोर टेस्ट होगा कि नहीं।

नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने कहा कि मैं अपने विधायकों का इंतजार कर रहा हूं, जिन्होंने दूसरे माध्यम से मुझे अपना इस्तीफा भेजा है। वे मुझसे सीधे संपर्क क्यों नहीं कर रहे हैं? मुझे चिंता है कि मेरे विधानसभा के सदस्यों के साथ क्या हो रहा है। यह लोकतंत्र की स्थिति पर सवाल उठाता है। इस दौरान स्पीकर नर्मदा प्रसाद प्रजापति से पूछा गया कि क्या राज्य विधानसभा में कल फ्लोर टेस्ट होगा तो उन्होंने जवाब दिया कि आपको कल ही इस बारे में पता चल जाएगा। मैं आपको अपने फैसले के बारे में पहले से नहीं बताऊंगा।
क्या कहा गोपाल भार्गव ने
राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात के बाद बीजेपी नेता गोपाल भार्गव ने कहा कि राज्यपाल ने सोमवार को अभिभाषण के बाद फ्लोर टेस्ट के आदेश दिए थे। ऐसे में हमने मांग की है कि अगर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम काम नहीं कर रहा है तो हाथ उठाकर वोटिंग की जाए। राज्यपाल ने हमें आश्वासन दिया है। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना की बहानेबाजी नहीं चलेगी। स्पीकर साहब को राज्यपाल की बात माननी होगी।












Click it and Unblock the Notifications