कश्मीर पर ट्वीट को लेकर घिरा ह्युंडई, लोग कर रहे हैं बहिष्कार, अब बयान देकर कंपनी ने दी सफाई
नई दिल्ली, 07 फरवरी। कार निर्माता कंपनी ह्युडई को भारत में लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग #BoycottHyundai को ट्रेंड कर रहे हैं। दरअसल पाकिस्तान में ह्युंडई कंपनी की एक यूनिट ने ट्विटर पर कश्मीर की आजादी को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किया था। हालांकि इस ट्वीट पर विवाद बढ़ता देख इसे थोड़ी देर बार डिलीट कर दिया गया लेकिन भारत में ह्डुंडई को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इन सब के बीच ह्डुडई इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी करके इसपर सफाई दी है।

क्या था ट्वीट
बता दें कि ह्युंडई पाकिस्तान के ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके लिखा गया, आइए हम अपने कश्मीरी भाईयों के बलिदान को याद करते हैं और उनके समर्थन में खड़े होते हैं क्योंकि वह अभी भी आजादी की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस ट्वीट के साथ एक तस्वीर को साझा किया गया है जिसमे डल झील में नाव पर एक व्यक्ति बैठा है। तस्वीर में कश्मीर लिखा है जिसपर बेड़ियां बनी हैं।
ह्युंडई इंडिया ने दी सफाई
ट्विटर पर ह्डुंडई मोटर ने बयान जारी करके कहा, ह्युंडई मोटर इंडिया भारतीय बाजार को लेकर पिछले 25 सालों से प्रतिबद्ध है, हम मजबूत राष्ट्रवाद के मूल्यों का सम्मान करने के अपने संकल्प के साथ दृढ़ता से खड़े हैं। सोशल मीडिया पर जिस तरह से एक पोस्ट को ह्युंडई इंडिया के साथ जोड़ा जा रहा है जोकि महान देश के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के खिलाफ है। हम भारत के लोगों को बेहतरी सेवा प्रदान करने का प्रयास करते रहेंगे। लेकिन ह्युंडई के इस बयान पर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है।
सफाई के बाद भड़के यूजर
यूजर ट्विटर पर ह्युंडई को आड़े हाथ लिया और कहा कि ह्युंडई अगर राष्ट्रीयता का सम्मान करता है तो उसे अपने पाकिस्तान के ट्विटर हैंडल पर सफाई देनी चाहिए कि क्या वह इस बयान का समर्थन करता है। ह्युंडई को साफ करना चाहिए कि क्या पाकिस्तान में ट्विटर हैंडल से जो ट्वीट किया गया उसपर उसकी क्या राय है। क्या आप कश्मीर को भारत का हिस्सा मानते हैं या पाकिस्तान का। क्या आप पाकिस्तान में अपनी कंपनी की ओर से किए गए ट्वीट पर राय जाहिर करेंगे। ट्विटर को अपनी इस हरकत पर माफी मांगनी चाहिए।
लोग कर रहे हैं कंपनी का बहिष्कार
ह्युंडई इंडिया के बयान के बाद लोग सोशल मीडिया पर कंपनी का बहिष्कार कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि ह्युंडई को टाटा कहने का समय आ गया है। एक यूजर ने तो यहां तक कहा कि मैंने ह्युंडई की वर्ना कार को बुक किया था लेकिन जिस तरह से ह्युंडई अलगाववादियों का समर्थन कर रहा है उसके बाद मैंने कार की बुकिंग को रद्द कर दिया और होन्डा सिटी को खरीद लिया।












Click it and Unblock the Notifications