हैदराबाद के एक बड़े रेस्टोरेंट में चूहे ने एक बच्चे को काटा, Video viral होने पर क्या हुआ ? जानिए
एक बड़े रेस्टोरेंट में एक बच्चा खाना खा रहा था, तभी एक चूहा आकर उसकी पैंट में घुस गया और काट लिया। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन दिए। घटना हैदराबाद की है।

होली के दिन हैदराबाद में एक व्यक्ति अपने पूरे परिवार को लेकर एक बड़े रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचा था। उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि इस नामी फास्ट-फूड चेन की व्यवस्था से उनके मासूम बच्चे की जान पर बन आ सकती है। हुआ ये कि जब पूरा परिवार खाना खाने में तल्लीन था, तभी टॉयलेट की तरफ से एक चूहा आया और उनके 8 साल के बेटे को काट लिया। थोड़ी देर के लिए तो इस घटना पर रेस्टोरेंट में काफी अफरा-तफरी मच गई। बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उसे किसी भी संक्रमण से बचाने के लिए इंजेंक्शन दिए गए। अब बच्चे के पिता की शिकायत पर उस नामी फूड चेन के मैनेजमेंट के खिलाफ आईपीसी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।

बड़े रेस्टोरेंट में मासूम को चूहे ने काट लिया
हैदराबाद में एक अजीब घटना घटी है। एक बड़े रेस्टोरेंट में 8 साल के बच्चे को चूहे ने काट लिया है। इस घटना के बाद विवाद इतना बढ़ा है कि शिकायत मिलने पर रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि बच्चा अपने माता-पिता और परिवार वालों के साथ एक बड़े फास्ट-फूड चेन में खाना खाने गया था, लेकिन खाना खाने के दौरान ही मासूम को एक चूहे ने काट लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि किसी बड़े फास्ट-फूड ज्वाइंट में इस तरह की लापरवाही का खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है।

रेस्टोरेंट के टॉयलेट से आया था चूहा
घटना 8 मार्च की है; और जो वीडियो वायरल हो रहा है वह तेलंगाना की राजधानी के कोमपल्ली इलाके का है। सोशल मीडिया यूजर्स घटना का वीडियो देखने के बाद उसे 'चौंकाने वाला और शर्मनाक' बता रहे हैं। बच्चे के पिता ने ही घटना के उस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया है और 9 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि चूहे ने उनके बेटे पर हमला किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक चूहा रेस्टोरेंट के टॉयलेट से रेंगता हुआ आया और उनके बेटे की ओर भागा।

बच्चे की शॉर्ट्स में घुस गया था चूहा
शिकायत के मुताबिक चूहा बच्चे के पैर पर चढ़ गया और उसकी शॉर्ट्स के अंदर घुस गया। शिकायतकर्ता ने तत्काल बेटे की पैंट उतार कर दूर फेंक दी। घबराए हुए बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां, उसके घाव को देखते हुए इंजेक्शन दिए गए। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट पर काफी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और रेस्टोरेंट की व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
Recommended Video

आईपीसी की धारा 269 के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आईपीसी की धारा 269 (जीवन के लिए खतरनाक बीमारी के संक्रमण फैलने की आशंका वाला लापरवाही से किया गया कार्य) के तहत संबंधित फास्ट फूड आउटलेट के मैनेजमेंट के खिलाफ एक केस दर्ज किया गया है। अभी पुलिस की जांच जारी है। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC)के असिस्टेंट फूड कंट्रोलर ने ट्वीट किया है, 'संबंधित फूड सेफ्टी ऑफिसर ने परिसर का निरीक्षण किया है और आगे की कार्रवाई के लिए एक रिपोर्ट दाखिल की गई है।'
वायरल हो रहा है ये वीडियो
@SHenrixs नाम के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसके बारे में इसी घटना से होने का दावा किया गया है। इसपर जानकारी दी गई है कि तेलंगाना के हैदराबाद में कोमपल्ली के एसपीजी होटेल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट में चूहे ने एक बच्चे पर हमला किया है। इस ट्वीट को खबर लिखने तक करीब 20 हजार व्यूज मिल चुके थे। (इनपुट-पीटीआई और तस्वीरें- सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications