मनपसंद बिरयानी नहीं बना पाई तो पति ने पत्नी को घर से निकाला
हैदराबाद। आपने कई वजहों से घर के भीतर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते देखे होंगे, लेकिन तेलंगाना के वारंगल में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसपर यकीन करना थोड़ा मुश्किल है। यहां पति ने अपनी पत्नी को सिर्फ इसलिए घर से बाहर निकाल दिया क्योंकि वह उसकी पसंद की बिरयानी नहीं बना सकी। जो शिकायत दर्ज कराई गई है उसमे कहा गया है कि एक साल के भीतर यह दूसरी बार है जब महिला को उसके पति ने मनपसंद बिरयानी नहीं बनाने की वजह से घर से निकाला है। आरोपी पति का नाम राजेंद्र प्रसाद है जोकि पेशे से कंप्यूटर इंजीनियर है।

रोज शराब पीकर बिरयानी बनाने को कहता है
अजीबो गरीब वजह की वजह से घर से निकाले जाने के बाद राजेंद्र की पत्नी मानसा ने घर के बाहर ही पति के खिलाफ धरना देना शुरू कर दिया। यह घटना वारंगल के वर्धनपेट के इलांडा गांव की है। महिला की मांग है कि उसे घर में रहने दिया जाए। महिला का कहना है कि राजेंद्र काफी शराब पीता है और हर रोज बिरयानी बनाने को कहता है। वह अच्छी कुक नहीं हैं, इसी को लेकर वह उन्हें काफी शोषित करता है।
दहेज के लिए करता है ससुराल प्रताड़ित
मानसा ने आरोप लगाया है कि राजेंद्र का परिवार उनसे दहेज की मांग करता है। मानसा का विवाह पिछले वर्ष नवंबर माह में हुआ था, उसे पहली बार जनवरी माह में घर से बाहर निकाला गया था। लेकिन परिवार के बड़ों के हस्तक्षेप के बाद मानसा को वापस घर में जाने की अनुमति मिल गई थी। लेकिन जब एक बार फिर से राजेंद्र ने शराब पीकर बिरयानी बनाने को कहा और वह उनके मनपसंद नहीं बनी तो उन्हें घर से निकाल दिया गया।
बुरी तरह पीटता था
राजेंद्र पर मानसा ने मारपीट का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उन्हें खराब बिरयानी बनाने की वजह से बुरी तरह से पीटता है। इस घटना के बाद स्थानीय एक्टिविस्ट ने मानसा का समर्थन किया और उसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने पति और परिवार को समझाने की कोशिश की है। पुलिस का कहना है कि अगर राजेंद्र व उनके परिवार वाले अपना तरीका नहीं बदलते हैं तो उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- सिरफिरे आशिक ने रास्ते में दबोचा, विरोध किया तो लड़की की गर्दन पर चाकू से वार












Click it and Unblock the Notifications