गीता ने खोला राज, कहा- 'लेबर रूम में मेरे साथ थे हरभजन, आज कल बदलते हैं बेटे का डायपर'
नई दिल्ली, 19 जुलाई। 10 जुलाई को बॉलीवुड अभिनेत्री गीता बसरा और मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह दूसरी बार माता-पिता बने हैं। इस दिन गीता ने बेटे को जन्म दिया था, इससे पहले भज्जी-गीता की एक बेटी हिनाया थी। बेटे के जन्म के बाद गीता ने ETimes को एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने घर आई नन्ही खुशी के बारे में खुलकर बातें की हैं।

'हरभजन समेत पूरी फैमिली काफी खुश है'
गीता ने बताया कि जिस वक्त उन्होंने बेटे को जन्म दिया था, उस वक्त हरभजन सिंह लेबर रूम में उनके साथ ही थे और फोटो क्लिक कर रहे थे। बेटे के जन्म के बाद से हरभजन समेत पूरी फैमिली काफी खुश है। गीता ने हंसते हुए कहा कि भज्जी तो सातवें आसमान पर हैं, वो हर वक्त बच्चे के आस-पास ही रहते हैं, यहां तक कि रात में भी बच्चे के डायपर वो ही बदलते हैं। गीता ने कहा कि हरभजन को बच्चों से बहुत प्यार है।

'लेबर रूम में मेरे साथ थे हरभजन'
हमारी बेटी हिनाया को तो जैसे नया खिलौना मिल गया है। वो दिन भर उसे देखती रहती है लेकिन अब उसे देखकर लगता है कि वो अब एकदम से जिम्मेदार हो गई है। उन्होंने यह भी कहा, "मुझे यकीन है कि हरभजन चाहेंगे कि उनका बेटा क्रिकेटर ही बने लेकिन फिलहाल अभी तो वो जस्ट पैदा ही हुआ है इसलिए इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।'' आपको बता दें कि गीता-भज्जी ने अभी अपने बच्चे के नाम को उजागर नहीं किया है लेकिन जल्द ही दोनों अपने बच्चे के नाम का ऐलान करेंगे।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहीं गीता
मालूम हो कि गीता ने साल 2006 में फिल्म 'दिल दिया है' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उनकी दूसरी फिल्म 'द ट्रेन' थीं। गीता और भज्जी ने 29 अक्टूबर साल 2015 में जालंधर में शादी रचाई थी। साल 2016 में उन्होंने बेटी हिनाया को जन्म दिया था और साल 2021 में उन्होंने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। गीता अपने गर्भावस्था के दौरान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रही हैं और अपने और अपने बच्चे के बारे में हर जानकारी वो सोशल मीडिया पर देती रही हैं।

भज्जी ने शेयर की थी खुशखबरी
गौरतलब है कि अपने बेटे के जन्म की खुशखबरी को शेयर करते हुए हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि 'हमारे लिए एक नया छोटा सा हाथ, हमें थामने के लिए, उसका प्यार भव्य है, सोने की तरह कीमती है। एक अद्भुत उपहार, इतना खास और मीठा। हमारे दिल भरे हुए हैं, हमारा जीवन पूरा है। हम एक स्वस्थ बच्चे के साथ हमें आशीर्वाद देने के लिए भगवान को धन्यवाद देते हैं। हम खुशी से भरे हुए हैं और अपने सभी शुभचिंतकों के निरंतर प्यार और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त करना चाहते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications