जम्मू-कश्मीर: सोपोर में हुर्रियत कार्यकर्ता हकीम उर रहमान की सरेआम गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के सोपोर में हुर्रियत कार्यकर्ता हकीम उर रहमान की अज्ञात लोगों ने शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी है। हमले के बाद उसे आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि बीते एक हफ्ते में यह दूसरी घटना है जब किसी हुर्रियत समर्थक की हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने इस घटना को काफी करीब से अंजाम दिया और गोली मारकर फरार हो गए.

इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब हकीम बोमई इलाके में अपने घर के नजदीक खड़ा था। पुलिस हर पहलुओं से मामले की जांच कर रही है ताकि जल्दी से जल्दी हमलावरों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। इससे पहले पेशे से फार्मासिस्ट और तहरीक-ए-हुर्रियत के एक्टिविस्ट की मंगलवार को सोपोर के ही न्यू कालोनी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हाल ही जेल से छुटा था एक्टिविस्ट
जानकारी के मुताबिक जिस हुर्रियत एक्टिविस्ट की हत्या की गई है वो सैयद अली गीलानी के ग्रुप से संबंध रखता था और हाल ही में वो जेल से छूटकर बाहर आया था। हकीम उर रहमान के हत्या में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। बता दें कि इसी साल फरवरी के मध्य में कश्मीर के बडगाम जिले के बीरवाह इलाके में भी अज्ञात बंदूकधारियों ने एक अलगाववादी कार्यकर्ता की हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन पर पिता ने गिफ्ट में नहीं दिया फोन, तो आग लगाकर बेटी ने ली खुदकुशी












Click it and Unblock the Notifications