राहुल गांधी तमिलनाडु, केरल के बाद अब पहुँचेंगे कर्नाटक, भारत जोड़ो यात्रा को कितनी मिल रही तवज्जो?

राहुल गांधी की भारत यात्रा से ज़्यादा चर्चा इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव और इस चुनाव को लेकर राजस्थान कांग्रेस के अंदर मचे घमासान की हो रही है. लेकिन दक्षिण भारतीय राज्यों में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर दिखता है.

7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा के दौरान राहुल गांधी ना केवल 20 से 25 किलोमीटर की रोज़ाना यात्रा कर रहे हैं बल्कि समाज में अलग-अलग वर्गों के लोगों से मिल जुल भी रहे हैं.

How much attention is being given to India Jodi Yatra?

30 सितंबर को राहुल गांधी केरल की सीमा पार कर कर्नाटक पहुंचेंगे और वहाँ भी 21 दिनों तक यात्रा करेंगे. कर्नाटक में सात ज़िलों में 500 से ज़्यादा किलोमीटर की यात्र कर वे अगले चरण में तेलंगाना जाएँगे.

केरल में ए जयशंकर इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ लॉयर्स के महासचिव हैं, उन्हें भी कोच्चि में राहुल गांधी के साथ लंच करने का आमंत्रण मिला था. सात सितंबर को राहुल गांधी ने अपनी पैदल यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी शहर से की थी. वे 300 किलोमीटर की दूरी तय करके कोच्चि पहुंचे थे.

उस लंच में किसी ने राहुल गांधी को बताया कि जयशंकर जी का 60वां बर्थडे भी है. जयशंकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्ड होल्डर हैं. लेकिन राहुल गांधी ने अपने केरल कांग्रेस के साथियों से कहा कि हमलोग इनका बर्थडे क्यों नहीं सेलिब्रेट करते. तुरंत केक लाया गया.

जयशंकर बताते हैं, "उन्होंने मुझे केक का एक टुकड़ा दिया. माहौल गर्मजोशी का था, वो एक अच्छे श्रोता भी हैं." कई अन्य लोगों की तरह भी जयशंकर कांग्रेस पार्टी के समर्थक नहीं हैं. उन्हें यह भी यक़ीन नहीं है कि राहुल गांधी, नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ देश व्यापी स्तर पर चुनौती दे पाएंगे.

हालांकि वे कहते हैं कि राहुल गांधी ने उचित समय पर उचित कदम उठाया है. वे कहते हैं, "ज़रूरत इस बात की है कि वे सभी विपक्षी दलों को 2024 के चुनाव से पहले एकजुट करें. केरल और तमिलनाडु में वे काफी लोकप्रिय हैं और मोदी को चैलेंज भी दे रहे हैं, लेकिन यहां से बाहर उनका कितना असर होगा, मुझे नहीं मालूम है."

सीपीआई केरल में सत्तारूढ़ गठबंधन लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) में शामिल है जो परंपरागत तौर पर कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की विरोधी रही है और हर पांच साल पर सत्ता में परिवर्तन भी दोनों के बीच होता रहा है.

राहुल का मोदी सरकार पर डराने-धमकाने का आरोप, बीजेपी ने दिया जवाब

केरल का राजनीतिक समीकरण


हालांकि 2021 में विधानसभा चुनाव इसका अपवाद था, जब एलडीएफ ज़्यादा सीट और वोट शेयर के साथ सत्ता कायम रखने में सफल हुई थी. इसके बाद भी जयशंकर मानते हैं कि आने वाले लोकसभा चुनावों में 2019 के नतीजे फिर से आ सकते हैं. तब राज्य की 20 सीटों में कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी. इतना ही नहीं गठबंधन को एलडीएफ के मुक़ाबले 11.19 प्रतिशत ज़्यादा वोट मिले थे.

बहरहाल, तमिलनाडु हो या केरल, राहुल गांधी की यात्रा का ज़ोरदार स्वागत देखने को मिला है. महिला और बच्चे बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए हैं, लोगों ने 52 साल के राहुल गांधी का घंटों इंतज़ार किया है. हाल में हुए एक सर्वे में यह भी ज़ाहिर हुआ है कि इन दोनों राज्यों में राहुल गांधी काफी लोकप्रिय हैं.

राहुल गांधी दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष क्यों नहीं बनना चाहते ?

एक बुज़ुर्ग महिला ने सुना कि राहुल गांधी किसी धावक की भांति तेज़ी से यात्रा में चल रहे हैं तो उन्होंने कहा, "हे ईश्वर, मेरे बेटे की तब तक रक्षा करना जब तक वह कश्मीर नहीं पहुंच जाए."

राहुल गांधी अपनी यात्रा के दौरान अब तक टी-शर्ट, जींस और दौड़ने वाले जूते पहने दिखे हैं, हालांकि एक मौके पर उन्हें कुर्ता पायजामा भी देखा गया है. इस यात्रा के दौरान वे तरह तरह के लोगों से भी मिल रहे हैं.

आलप्पुझा के कांग्रेसी कार्यकर्ता शानावास थाहा ने बताया, " जब वे मेरे ज़िले में आए तो मैं दो दिनों के दौरान कुछ किलोमीटर तक चला. सड़क के किनारे काफ़ी लोग उनके इंतज़ार में खड़े मिले. मैं उन लोगों को जानता था. उनमें कई कम्युनिस्ट पार्टी के समर्थक और हमारे आलोचक भी थे."

तमिलनाडु में स्टालिन ने राहुल गांधी की यात्रा को हरी झंडी दिखाई और राहुल गांधी को अपना भाई बताया. तमिलनाडु में स्टालिन के धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन में कांग्रेस के अलावा सीपीएम भी शामिल है.

लेकिन केरल में सीपीएम राहुल गांधी की यात्रा का विरोध कर रही है. पिछले सप्ताह ही कांग्रेस ने सीपीएम के प्रमुख नेता और राज्य के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन पर आरोप लगाया कि वे इस यात्रा का अनुचित विरोध कर रहे हैं.

नीतीश कुमार राहुल गांधी को इतना भाव क्यों दे रहे हैं?

लेफ्ट गठबंधन का विरोध


कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा था, "यात्रा का विरोध स्पष्ट है. वे मोदी और शाह की जोड़ी को बनाए रखना चाहते हैं. मैं उनके पार्टी के समर्थकों को जानता हूं, उनके दिलों में गांधी हैं और गांधी ने उनकी पार्टी के ख़िलाफ़ कोई बयान नहीं दिया है. राहुल गांधी केवल बीजेपी की नफ़रत की राजनीति की आलोचना करते हैं."

विजयन लगातार यह कह रहे हैं कि राहुल गांधी अपनी लंबी यात्रा में केरल में ज़्यादा वक्त बिता रहे हैं जबकि बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश में कम. दरअसल उन्हें इस बात की आशंका है कि कहीं पिछली बार की तरह एलडीएल की संभावनाओं को झटका नहीं लग जाए.

पिछले आम चुनाव के दौरान राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने का असर दूसरी सीटों पर भी पड़ा था.

सीपीएम के मुखपत्र देशाभिमानी ने कई लोगों को तब अचरज में डाल दिया था जब उन्होंने अपने संपादकीय में राहुल गांधी को 'पप्पू' कहा था. यह संपादकीय कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को वायनाड से उम्मीदवार घोषित करने के अगले दिन छपा था.

https://twitter.com/INCIndia/status/1575464427175825409

2019 के आम चुनाव में सीपीएम को महज तीन सीटें मिली थीं- एक केरल से और दो तमिलनाडु से. सीपीआई को महज दो सीटें मिली थीं, और दोनों तमिलनाडु से.

लेफ़्ट को तमिलनाडु में ये चार सीटें इसलिए मिली थीं क्योंकि पार्टी का कांग्रेस और डीएमके से गठबंधन था.

तमिलनाडु की 39 सीटों में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन ने 38 सीटों पर कामयाबी हासिल की थी जबकि एक सीट अन्ना डीएमके के खाते में गई थी.

केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ गठबंधन में इंडियन मुस्लिम लीग भी शामिल है जो तमिलनाडु में भी गठबंधन का हिस्सा है.

क्या है कांग्रेस की रणनीति


पी विजयन ने पिछले सप्ताह त्रिचूर की एक रैली में पिछले चुनाव में कांग्रेस डीएमके गठबंधन की जीत के बारे में कहा, "जब राहुल गांधी यहां चुनाव लड़ने आए थे तब हमारे लोगों ने सोचा था कि वे प्रधानमंत्री बनने जा रहे है. लेकिन अब लोगों को महसूस हो चुका है कि वह गलती थी. कांग्रेस अब वही ट्रिक नहीं दोहरा सकती है."

उन्होंने यूडीएफ के सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि वे ना तो बीजेपी को रोक पाए और ना ही संसद में केरल के मुद्दे को उठा पाए हैं. हालांकि कांग्रेस पार्टी इन आलोचनाओं को आधारहीन बता रही है. कांग्रेस पार्टी का कहना है कि लेफ्ट गठबंधन केरल में बीजेपी की ए टीम के तौर पर काम कर रहा है.

कांग्रेस पार्टी के केरल अध्यक्ष के सुधाकरण इस बारे में कहते हैं, "जब हम सांप्रदायिक और फासीवादी ताक़तों से लड़ रहे हैं, मुख्यमंत्री बीजेपी की भाषा बोल रहे हैं. वे मोदी और अमित शाह की आलोचना नहीं कर रहे हैं. उनकी तरह ही वे राज्य में मुस्लिमों को आतंक के आरोपों में जेल में डाल रहे हैं."

केरल में इस यात्रा के लिए राहुल गांधी सात ज़िलों में क़रीब 450 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं.

एक अक्टूबर को वे कर्नाटक पहुंचेंगे और तब तक केरल में वे 21 दिन पूरे कर चुके होंगे.

कांग्रेस पार्टी यह भी दावा कर रही है कि लोग इस यात्रा से बड़े पैमाने पर जुड़ रहे हैं और अब तक दो लाख लोगों ने यात्रा के लिए पंजीयन कराया है.

राहुल गांधी के तमिलनाडु-केरल और कर्नाटक को अहमित देने की पीछे यह समझना होगा कि तीनों राज्य मिलकर 87 सांसदों को चुनते हैं. तमिलनाडु से 39, कर्नाटक से 28 और केरल से 20. कांग्रेस का इरादा डीएमके साथ मिलकर इनमें से ज़्यादा से ज़्यादा सीटें जीतने की होगी.

https://twitter.com/INCIndia/status/1575345876725166080

पार्टी की रणनीति ये भी हो सकती है कि अगर इन तीनों राज्यों में उनका प्रदर्शन ठीक रहा तो महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में क्षेत्रीय पार्टियों के साथ मिलकर वह अच्छा कर सकती है.

केरल में अपने संबोधनों में समाज सुधारक चत्ताम्बी स्वामीगल, श्री नारायण गुरु और दलित हीरो अय्यानकली का जिक्र करते हैं. यात्रा के अंत में हर दिन वे लोगों को संबोधित करते हुए नफ़रत और बंटवारे की राजनीति पर बोलते हैं, बेरोज़गारी का ज़िक्र करते हैं.

पार्टी की मीडिया एवं पब्लिसिटी विंग के चेयरमैन पवन खेड़ा कहते हैं, "देश को एकजुट करने पर आपत्ति किन लोगों को है? यह यात्रा पार्टी के आम लोगों तक पहुंचने का कार्यक्रम है, जिसमें हम सामाजिक ध्रुवीकरण, आर्थिक असमानता और राजनीतिक केंद्रीकरण की बात कर रहे हैं."

उत्तर प्रदेश में कम दिन देने पर क्या बोले राहुल


राहुल गांधी अपने संबोधन में आपसी भाईचारे और अहिंसा का जिक्र करते हैं. साथ ही वे बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर देश को धार्मिक तौर पर बांटने का आरोप भी लगाते हैं. साथ ही वे कहना नहीं भूलते कि जो लोग समाज में घृणा, नफ़रत और आक्रोश बढ़ाते हैं, लोग उनको भूल जाते हैं.

कोच्चि में उन्होंने केरल की अपनी यात्रा को कामयाब भी बताया. उन्होंने कहा कि यह काफी उत्साहवर्धक रहा है. हालांकि उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में ज़्यादा समय नहीं देने पर उन्होंने कहा कि यात्रा के मार्ग को बदलना मुश्किल होगा.

https://twitter.com/INCIndia/status/1575329519170334720

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में क्या करने की ज़रूरत है, हमारी उस पर नज़र है, स्पष्ट सोच के साथ है. इसलिए उसकी चिंता मत कीजिए."

राहुल गांधी ने यह भी कहा, "इस यात्रा के दौरान हमलोग देश के एक छोर से दूसरे छोर की यात्रा कर रहे हैं और कई राज्यों में नहीं जा रहे हैं, हम 10.000 किलोमीटर की यात्रा कर भी नहीं सकते हैं."

ये भी पढ़े:

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+