क्या फिर फेल होंगे Exit Polls? 2021 के आंकड़ों ने कराई खूब फजीहत, बंगाल में क्यों धराशायी हो गए थे सर्वे?
Exit Poll 2026 Results: विधानसभा चुनाव 2026 वाले पांचों राज्यों तमिलनाडु, केरल, असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं और शुरुआती तस्वीर ने सियासी हलचल तेज कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ये आंकड़े असल नतीजों के कितने करीब साबित होंगे। एग्जिट पोल के इतिहास पर नजर डालें तो साल 2021 के विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल का चार बड़े राज्यों में मिला-जुला रिकॉर्ड रहा।
पोल करने वाले असम में BJP की जीत और तमिलनाडु में DMK की जीत का अंदाजा लगाने में काफी हद तक सही रहे, जबकि केरल में उन्होंने LDF की वापसी का सही अंदाजा लगाया, लेकिन जीत का अंतर कितना होगा, इसका अंदाजा नहीं लगा पाए। इस तरह से 2021 के इन आंकड़ों ने कहीं सटीक निशाना साधा, तो कहीं ये पूरी तरह धराशायी हो गए। आइए विस्तार से जानते हैं इन एग्जिट पोल की हकीकत क्या रही?

पश्चिम बंगाल: पोलस्टर्स की सबसे बड़ी विफलता (West Bengal Exit Polls)
बंगाल के नतीजों ने सर्वे एजेंसियों को सबसे ज्यादा शर्मिंदा किया। यहां जमीनी हकीकत और आंकड़ों में जमीन-आसमान का अंतर था। कोई भी बड़ी एजेंसी TMC की प्रचंड जीत का अंदाजा नहीं लगा पाई। ज्यादातर ने या तो कांटे की टक्कर दिखाई थी या भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की थी।
- जन की बात: इनका पोल सबसे ज्यादा गलत रहा, जिन्होंने भाजपा को 162-185 सीटें और TMC को महज 104-121 सीटें दी थीं।
- इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया: इन्होंने भी बेहद कड़ा मुकाबला बताया था और भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना जताई थी।
- सच्चाई: ममता बनर्जी की TMC ने उम्मीद से कहीं ज्यादा मजबूत प्रदर्शन कर पोलस्टर्स के 'ब्लाइंड स्पॉट' को उजागर कर दिया।
तमिलनाडु: लहर का अनुमान गलत (Tamil Nadu Exit Polls)
तमिलनाडु में एग्जिट पोल ने यह तो सही बताया कि कौन जीतेगा, लेकिन जीत कितनी बड़ी होगी, इसमें चूक गए।
सभी प्रमुख पोल्स ने DMK गठबंधन की स्पष्ट जीत और बहुमत की भविष्यवाणी की थी।
- नतीजा क्या रहा? DMK ने 159 सीटें जीतीं। TV9-Polstrat और Patriotic Voter के आंकड़े इसके काफी करीब रहे।
- 'इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया' ने DMK की क्लीन स्वीप का अनुमान लगाते हुए उन्हें 175-195 सीटें दे दी थीं, जो वास्तविकता से काफी ज्यादा थीं।
- साल 2016 में भी ज्यादातर पोल्स AIADMK की जीत पहचानने में पूरी तरह नाकाम रहे थे।
केरल: सत्ता वापसी भांपी, पर बहुमत का पैमाना नहीं (Kerala Exit Polls)
केरल में एग्जिट पोल ने इतिहास बदलते हुए देखा और सही भविष्यवाणी की कि वामपंथी मोर्चा (LDF) दोबारा सत्ता में आएगा। एजेंसियों ने सही पहचाना कि LDF सत्ता बरकरार रखेगा। एजेंसियां वामपंथियों के दबदबे को पूरी तरह कैप्चर नहीं कर पाईं। LDF ने 99 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस (UDF) 41 पर सिमट गई। 'टुडेज चाणक्य' 93-111 सीटों के अनुमान के साथ सबसे सटीक रहा। वहीं, जन की बात और टीवी9 भारतवर्ष ने बेहद करीबी मुकाबला या 'हंग असेंबली' की बात कही थी।
असम: जहां आंकड़े बिल्कुल सटीक बैठे (Assam Exit Polls)
चारों राज्यों में असम ऐसा रहा जहां एग्जिट पोल सबसे ज्यादा भरोसेमंद साबित हुए:
- सटीक प्रदर्शन: एजेंसियों ने सही अनुमान लगाया था कि भाजपा के नेतृत्व वाला NDA आराम से सत्ता में वापसी करेगा।
- नतीजे: अंत में भाजपा गठबंधन ने 75 और कांग्रेस गठबंधन ने 50 सीटें जीतीं, जैसा कि पोल्स में पहले ही बताया गया था।
पांच चुनावी राज्यों-पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी-में विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं। मतदान खत्म होते ही आए इन अनुमानों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। हर बार की तरह इस बार भी सवाल वही है कि क्या ये आंकड़े 4 मई को आने वाले असल नतीजों की सटीक तस्वीर हैं या फिर जनता के मन में कुछ और ही चल रहा है। 2021 की गलतियों से इतर, इस बार पोलस्टर्स ने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं।
पश्चिम बंगाल: क्या ममता का किला ढहेगा?
बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 294 सीटों पर इस बार दो चरणों में मतदान हुआ। एग्जिट पोल के औसत आंकड़े यहां भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगा रहे हैं:
- बीजेपी की बढ़त: मैट्रिज ने भाजपा को 146-161 सीटें दी हैं, जबकि 'चाणक्य स्ट्रैटेजिस' ने 150-160 सीटों का अनुमान जताया है।
- TMC का ग्राफ: ममता बनर्जी की सत्ता जाने का अनुमान है। टीएमसी को 125 से 140 के बीच सीटें मिलती दिख रही हैं।
- औसत: लगभग सभी एजेंसियों (पीपल्स पल्स को छोड़कर) ने भाजपा की जीत बताई है, जिनका औसत 152 सीटें बैठ रहा है।
असम: वापसी की राह पर NDA
असम की 126 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। यहां सत्ता विरोधी लहर के बजाय 'प्रो-इंकंबेंसी' का असर दिख रहा है:
- एक्सिस माय इंडिया: बीजेपी गठबंधन को 88-100 सीटें मिलने का अनुमान है।
- कांग्रेस की स्थिति: कांग्रेस को महज 24-36 सीटों पर सिमटते हुए दिखाया गया है।
- एग्जिट पोल का औसत (भाजपा-87, कांग्रेस-28) संकेत दे रहा है कि असम में भाजपा एक बार फिर मजबूती से वापसी कर सकती है।
तमिलनाडु: त्रिकोणीय मुकाबले में फंसा पेंच?
तमिलनाडु की 234 सीटों पर हुए मतदान के बाद आए आंकड़े काफी दिलचस्प हैं।
- DMK की दावेदारी: मैट्रिज और पीपल्स इनसाइट के मुताबिक डीएमके सत्ता में वापसी कर रही है। पीपल्स पल्स ने उन्हें 125-145 सीटें दी हैं।
- एक्सिस माय इंडिया ने राज्य की सबसे नई पार्टी TVK को 98-120 सीटें मिलने का बड़ा दावा कर सबको चौंका दिया है।
- AIADMK: पुरानी सत्ताधारी पार्टी 22-32 सीटों के बीच संघर्ष करती दिख रही है।
केरलम: क्या इस बार 'रिवाज' बदलेगा?
केरलम की 140 सीटों पर हुए चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है:
UDF की वापसी: ज्यादातर एजेंसियों का औसत (80 सीटें) कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF की सरकार बनने की संभावना जता रहा है।
LDF की विदाई: लेफ्ट गठबंधन को 61 सीटों के साथ विदाई मिलने का अनुमान है। मैट्रिज और एक्सिस माय इंडिया दोनों ही यूडीएफ को बहुमत के करीब दिखा रहे हैं।
पुडुचेरी: छोटा राज्य, बड़ा संदेश
पुडुचेरी की 30 सीटों पर हुए मतदान के बाद अधिकांश सर्वे में एक बार फिर बीजेपी गठबंधन की सरकार बनती दिख रही है।

















Click it and Unblock the Notifications