VIDEO: मां की ममता सब पर भारी, बच्चे के लिए तेंदुए से भिड़ी मादा बिज्जू, इस तरह सिखाया सबक
नई दिल्ली: इंसान हों या जानवर, एक मां के लिए उसके बच्चे से ज्यादा अनमोल कोई चीज नहीं होती। अब साउथ अफ्रीका के जंगलों से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जहां एक मादा बिज्जू अपने बच्चे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। इस लड़ाई का अंजाम जो हुआ, वो हैरान कर देने वाला था। (वीडियो-नीचे, Latest Sightings से साभार)

खाने की तलाश में था तेंदुआ
साउथ अफ्रीका के ग्रेटर क्रूगर नेशनल पार्क में स्थित सबी सैंड्स गेम रिजर्व में एक तेंदुआ खाने की तलाश में था। वो कुछ देर इधर-उधर भटका, इसके बाद उसको बिज्जू का एक बच्चा दिखा। वो बहुत छोटा था, लेकिन तेंदुए का पेट भरने के लिए काफी था। तेंदुआ तुरंत घात लगाकर झाड़ियों में पहुंचा और एक ही बार में उसको दबोच लिया।

तेजी से किया वार
तेंदुए ने जैसे ही बिज्जू के बच्चे का गला दबाया वो चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर मां वहां पहुंची। बच्चे की जान खतरे में देखकर मां का गुस्सा सातवें आसमान में पहुंच गया था। उसको पता था कि वो तेंदुए से नहीं जीत पाएगी, लेकिन वो सीधे जाकर उससे भिड़ गई। उसने तेज रफ्तार से तेंदुए पर वार किया और एक ही बार में बच्चे का शरीर उसके मुंह से छुड़ा लिया।

गाइड ने शूट किया वीडियो
रिजर्व के 28 वर्षीय गाइड सहारा वुल्फसन वहां पर मौजूद थे। उन्होंने इस घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया। Latest Sightings से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वो ड्राइव पर थे और उन्होंने मेहमानों को हाथियों का समूह दिखाया, लेकिन कुछ मेहमान तेंदुआ देखने को उत्सुक थे, जिस वजह से वो एक रेंजर की मदद से उसे देखने गए। कुछ ही देर में उनको अनोखा नजारा दिखा।

तेंदुए की ओर बढ़ता रहा बिज्जू
वुल्फसन के मुताबिक बिज्जू ने बहुत तेजी से अपने बच्चे को छुड़ाया था, जिस वजह से तेंदुआ कुछ समझ नहीं पाया। बच्चे को छुड़ाने के बाद भी बिज्जू आक्रामक था, वो लगातार तेंदुआ की ओर हमला करने के लिए बढ़ रहा था। कुछ देर में बाद माहौल गर्माता देख तेंदुआ वहां से चला गया। उसके जाने के बाद मादा बिज्जू भी अपने बच्चे को झाड़ियों में लेकर गई।

क्या है बिज्जू की खासियत?
आपको बता दें कि बिज्जू को Honey Badger नाम से भी जाना जाता है ये भारत, दक्षिण पश्चिम एशिया और अफ्रीका में ज्यादा पाए जाते हैं। इनकी चमड़ी काफी मोटी होती है और ये हमलावर होते हैं, जिस वजह से ज्यादातर शिकारी जानवर इनसे दूर रहते हैं। बहुत से जीव वैज्ञानिक बिज्जू का आलसी टाइप का जानवर मानते हैं। उनका मानना है कि इसी वजह से ये बहुत धीरे चलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications