RIP Raghuvansh Prasad Singh: गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम समेत इन राजनेताओं ने किया ट्वीट
नई दिल्ली। बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम राजनेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति भवन से ट्वीट किया गया, 'श्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का समाचार दुखद है। जमीन से जुड़े व ग्रामीण भारत की असाधारण समझ रखने वाले रघुवंश बाबू का कद बहुत ऊंचा था। अपने संतों जैसे सादा जीवन से उन्होंने सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके परिवार, समर्थकों व प्रशंसकों को मेरी शोक-संवेदनाएं!'
Recommended Video

गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी ने किया ट्वीट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, 'बिहार के वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना से अत्यंत दुःख हुआ। उनका पूरा जीवन लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों के प्रति समर्पित रहा। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जायेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति।' यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ राजनेता रघुवंश प्रसाद जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले, सादगी की मिसाल रघुवंश जी ने ग्राम्य विकास मंत्रालय में सराहनीय कार्य किया।
लालू यादव ने कहा- प्रिय रघुवंश बाबू, आप बहुत याद आएंगे
बता दें, हाल ही में रघुवंश प्रसाद सिंह ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद को चिठ्ठी भेजकर राजद से इस्तीफा दे दिया था। लालू प्रसाद यादव को संबोधित करते हुए रघुवंश प्रसाद ने लिखा था कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के निधन के बाद 32 वर्षों तक आपके पीछे-पीछे खड़ा रहा, लेकिन अब नहीं। पार्टी नेता कार्यकर्ता और आमजनों ने बड़ा स्नेह दिया। मुझे क्षमा करें। रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट किया, 'प्रिय रघुवंश बाबू! ये आपने क्या किया? मैनें परसों ही आपसे कहा था आप कहीं नहीं जा रहे है। लेकिन आप इतनी दूर चले गए। नि:शब्द हूं। दुःखी हूं। बहुत याद आएंगे।' राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, रघुवंश प्रसाद सिंह हमेशा जमीनी स्तर पर रहकर काम करते थे। लोगों से जुड़े हुए थे। हम चाहते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications