घबराने की कोई जरूरत नहीं, HMPV वायरस पर भारत सरकार ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए जरूरी बातें
HMPV Virus India: चीन में कोविड महामारी के पांच साल बाद अब ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) का प्रकोप देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर लगातार खबरें आ रही हैं कि HMPV वायरस चीन में कहर बरपा रहा है और वहां के अस्पतालों में बेड्स की कमी हो गई है। कुछ दावे तो ये भी किए जा रहे हैं कि यह वायरस कोविड जैसा कहर पैदा कर सकता है। हालांकि, भारतीय स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस वायरस को लेकर चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
भारत में स्थिति सामान्य, डरने की कोई बात नहीं
भारत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि HMPV वायरस कोई नई और चिंताजनक बीमारी नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, यह एक सामान्य रेस्पिरेटरी वायरस है, जो खासकर जुकाम और फ्लू जैसी समस्याएं पैदा करता है। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के अनुसार, इस वायरस के मामले चीन में 2023 में भी सामने आए थे, और यह अन्य देशों में भी पाया गया है।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल ने कहा कि भारत में इस वायरस के कारण कोई गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की संभावना नहीं है। भारत में इस समय सर्दियों के मौसम में सामान्य श्वसन संक्रमणों की संख्या में वृद्धि हो रही है, लेकिन यह कोई असामान्य या गंभीर स्थिति नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पतालों में बेड्स और ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति है, और मरीजों के इलाज के लिए कोई विशेष एंटीवायरल दवाएं नहीं चाहिए होतीं।
क्या हैं HMPV के लक्षण?
HMPV वायरस के लक्षण कोविड जैसे होते हैं, जैसे बुखार, खांसी, जुकाम, बदन दर्द, और शरीर में थकान। यह वायरस एक RNA वायरस है और निमोनिया जैसे गंभीर श्वसन रोगों का कारण बन सकता है। हालांकि, यह सामान्यत: हल्के रेस्पिरेटरी संक्रमण का कारण बनता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और कमजोर इम्यूनिटी वाले व्यक्तियों में।
चीन में फैला प्रकोप, मृत्यु दर में भी इजाफा
चीन में HMPV के बढ़ते मामलों के कारण लोगों में डर का माहौल है। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि अस्पतालों में भीड़ बढ़ रही है, और कुछ लोगों का कहना है कि HMPV के कारण मृत्यु दर में भी इजाफा हो रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह वायरस कोविड की तरह रूप नहीं बदल सकता और इस समय इसके कारण कोई महामारी जैसी स्थिति नहीं है।
यह भी पढ़ें चीन में फैल रहा कोविड जैसा वायरस, जानिए क्या है HMPV? क्या है इसके शुरुआती लक्षण
कैसे फैलता है? HMPV वायरस
HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है, और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से यह वायरस तेजी से फैल सकता है। इसके अलावा, संक्रमित वस्तु को छूने से भी यह बीमारी फैल सकती है।
HMPV वायरस से बचाव के उपाय
HMPV वायरस से बचाव के लिए कोविड के दौरान अपनाए गए उपायों को ही लागू किया जा सकता है। मास्क का प्रयोग करें, हाथों को नियमित रूप से धोएं, और संक्रमित व्यक्ति से संपर्क से बचें। डॉक्टर की सलाह के बिना दवाइयां न लें और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें।
भारत में इस वायरस के कारण किसी गंभीर स्थिति की संभावना नहीं है। देश भर में श्वसन संक्रमण के मामलों की निगरानी की जा रही है और विशेषज्ञों का कहना है कि इस वायरस से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़ें क्या बदलेगा कश्मीर का नाम? कश्मीर पंडितों को फिर से बसाएंगे अमित शाह? जानिए












Click it and Unblock the Notifications