दिल्ली-NCR में तेज बारिश के साथ कई जगहों पर गिरे ओले, सड़कों का रंग हुआ सफेद
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार शाम तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। कई स्थानों पर इतने ओले गिरे की सड़कों का रंग सफेद हो गया। शाम के समय अचानक हुई बारिश के साथ ही ठंडक काफी बढ़ गई। इस दौरान सड़कों पर बारिश और ओलावृष्टि से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग इससे बचने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अभी रात में ओलावृष्टि और बारिश की संभावना बनी हुई है।

गुरुवार शाम में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई हिस्सों में ओले गिरे हैं। तेज बारिश के साथ ओलों की वजह से जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया था।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव आया। गुरुवार को नोएडा में ओलावृष्टि देखकर लोग हैरान रह गए। कुछ लोगों ने बताया कि ऐसा पहली बार देखने को मिला कि जब इस तरह से ओलावृष्टि हुई। सड़कों पर ओला गिरने से ऐसा लग रहा था जैसे सड़क किसी बर्फीली इलाके की है।

खेती के लिहाज से विचार करें तो अचानक हुई बारिश से गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा, हालांकि ओलावृष्टि से सब्जी की फसलों को नुकसान होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश बंद होने के बाद कोहरा छाए रहने की संभावना बढ़ जाएगी। कुछ स्थानों पर घना कोहरा दिखायी देगा।












Click it and Unblock the Notifications