मुंबई समेत कई शहरों में फिर आफत ला सकती है बारिश, जारी हुआ अलर्ट
नई दिल्ली: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत कई शहरों में बारिश फिर से तबाही मचा सकती है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, और रत्नागिरी जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं निचले इलाके में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां पर बाढ़ जैसे हालात उत्तन्न हो सकते हैं।
Recommended Video

कुछ जगहों पर Yellow अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई और ठाणे के अलग-अलग इलाकों के लिए Yellow अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि लो प्रेशर एरिया जो अब पूर्वी मध्य प्रदेश के मध्य भागों और आसपास के इलाके में स्थित है, उसकी वजह से महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। वहीं अगले तीन-चार दिनों के दौरान कई जगहों पर बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

जलभराव से होगी समस्या
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। साथ ही मुंबई जैसे बड़े शहरों में जलभराव परेशानी खड़ी करेगा। इसके अलावा मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। जिसमें उन्हें 25 अगस्त तक उत्तर महाराष्ट्र के समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। चेतावनी में पुरानी इमारतों के गिरने की भी आशंका जताई गई है। साथ ही निकायों को वक्त रहते मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने की सलाह दी गई।

हाई टाइड से रहें सावधान
मौसम विभाग की ओर से मुंबई में हाई टाइड को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज समंदर की लहरें 4.75 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं। इस चेतावनी के बाद मौसम विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, प्रशासन और पुलिस सहित सभी एजेंसियों की इसपर पैनी नजर है। लोगों को हिदायत दी गई है कि वह अपने घर में ही रहें। समंदर के तटों को खाली करा दिया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि महाराष्ट्र के आंतरिक भागों और कोंकण क्षेत्र में 23 अगस्त तक यही स्थिति बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications