कुमारस्वामी की शपथ कल, कांग्रेस-जेडीएस में ऐसे हुआ मंत्री पदों को लेकर समझौता
नई दिल्ली। कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने बताया है कि आज कैबिनेट को लेकर चर्चा हुई है। बुधवार को वो शपथ लेंगे और 25 मई को स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव कर लिया जाएगा। कांग्रेस के केआर रमेश कुमार कर्नाटक विधानसभा के अगले स्पीकर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शपथ के एक दिन बाद मंत्रियों के मंत्रालय तय कर लिए जाएंगे। कुमारस्वामी ने कहा है कि मंत्रियों को लेकर या किसी भी मुद्दे पर कोई टकराव नहीं है, सभी कुछ ठीक है।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि जेडीएस के साथ कैबिनेट को लेकर चर्चा हो गई है। 34 मंत्रियों को को कल शपथ दिलाई जाएगी। इसमें 22 कांग्रेस के और मुख्यमंत्री के पद समेत 12 मंत्री जेडीएस के होंगे। मंत्रियों को मंत्रालय देने का फैसला बहुमत हासिल करने के बाद किया जाएगा।
इस बात को लेकर भी चर्चा थी कि कांग्रेस अपने कोटे से दो उपमुख्यमंत्री चाहती थी लेकिन कुमारस्वामी की सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दोनों पार्टियों में राज्य में एक ही उपमुख्यमंत्री होने पर सहमति बन गई है। कांग्रेस के पास उपमुख्यमंत्री और स्पीकर की पोस्ट रहेगी। कांग्रेस की ओर से जी परमेश्वरा का नाम उपमुख्यमंत्री के लिए फाइनल माना जा रहा है, जो कल शपथ लेंगे। कुमारस्वामी बुधवार को विधानसभा के सामने एक बड़े कार्यक्रम में साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कुमारस्वामी के शपथ समारोह में भाजपा विरोधी दलों के जुटने की उम्मीद है और इसे विपक्ष के शक्ति परीक्षण की तरह से भी देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। गांधी परिवार के अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, आन्ध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद और फिल्म एक्टर कमल हासन समेत कई जानीमानी हस्तियां समारोह में शामिल होंगी।












Click it and Unblock the Notifications