खत्म हुआ कर्नाटक का नाटक, एचडी कुमारस्वामी सरकार गिरी
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद हुए फ्लोर टेस्ट में कुमारस्वामी सरकार विश्वास मत हासिल करने में असफल रही। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी अपना बहुमत साबित नहीं कर सके। सरकार के पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि विरोध में 105 वोट डाले गए। सरकार गिरने के बाद बीजेपी विधायकों ने बीएस येदुरप्पा को दी बधाई है। विश्वास मत में जीत के बाद बीजेपी के विधायक विजय का साइन दिखाते नजर आए।

सिर्फ 14 महीने तक ही सरकार चला पाए एच डी कुमारस्वामी
सदन में फ्लोर टेस्ट में फेल होने के बाद मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात का समय मांगा है। जल्दी ही एचडी कुमारस्वामी राजभवन जाकर इस्तीफा सौंप सकते हैं। एच डी कुमारस्वामी सिर्फ 14 महीने तक ही सरकार चला पाए।उनके इस्तीफे के बाद सूबे के गवर्नर वजुभाई वाला बीजेपी लीडर येदुरप्पा को सरकार गठन का न्योता दे सकते हैं। विश्वासमत के बाद बीएस येदुरप्पा ने कहा कि, यह लोकतंत्र की जीत है। लोग कुमारस्वामी सरकार से ऊब गए थे। मैं कर्नाटक के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अब विकास का नया युग शुरू होगा।

सदस्यों को खड़ा कर हुई गिनती
इससे पहले स्पीकर रमेश कुमार ने विधायकों को खड़ाकर सत्ता और विपक्ष के नंबरों की गिनती की। स्पीकर ने विधानसभा में हर पंक्ति को अलग-अलग खड़ा कर अधिकारियों से विधायकों की गिनती कराई। अधिकारियों ने पहले सत्ता पक्ष के सदस्यों की गिनती की और फिर उसके बाद विपक्षी विधायकों को गिना गया। कुमारस्वामी सरकार गिरने के बाद कर्नाटक बीजेपी ने ट्विटर पर लिखा, कर्म का खेल। पार्टी ने अगले ट्वीट में लिखा कि, यह कर्नाटक के लोगों की जीत है। यह भ्रष्ट और अपवित्र गठबंधन के युग का अंत है। हम कर्नाटक के लोगों के लिए एक स्थिर और सक्षम शासन का वादा करते हैं। हम दोनों मिलकर कर्नाटक को फिर से समृद्ध बनाएंगे।
यह हार हमारी पार्टी विधायिकाओं के विश्वासघात के कारण हुई
सरकार गिरने के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता एचके पाटिल ने कहा कि, कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन विश्वास मत हासिल करने में विफल रहा। यह हार हमारी पार्टी विधायिकाओं के विश्वासघात के कारण हुई है। हम विभिन्न चीजों के प्रभाव में आ गए हैं। मैं कर्नाटक के लोगों को पार्टी के साथ इस तरह के विश्वासघात को बर्दाश्त नहीं करूंगा।गठबंधन सरकार गिरने के बाद बीजेपी नेता जगदीश शेट्टर ने कहा कि, अभी बागी विधायकों के इस्तीफे स्वीकार नहीं हुए हैं। इन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार होने के बाद यह उनपर है कि वे बीजेपी जॉइन करते हैं या नहीं। फिलहाल हमारे पास 105 विधायक हैं और बीजेपी के पास बहुमत है। हम एक स्थिर सरकार बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications