अपने दादा के लिए लोकसभा की सीट छोड़ेगा ये पोता, कहा- उनको जीतते हुए देखना है
नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने कर्नाटक की 25 सीटों पर जीत दर्ज की। पूर्व प्रधानमंत्री और जेडी (एस) प्रमुख एचडी देवगौड़ा को तुमकुर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार जीएस बासवराज ने 13339 वोटों से हराया। जबकि हासन की परंपरागत सीट से देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना ने जीत हासिल की। अब रेवन्ना ने इस सीट को देवगौड़ा के लिए छोड़ने का फैसला किया है।

प्रज्वल रेवन्ना ने कहा कि वह हासन सीट से इस्तीफा देंगे क्योंकि वे चाहते हैं कि देवगौड़ा यहां से एक बार फिर चुनाव में जीत दर्ज करें। एचडी देवगौड़ा ने अपनी सीट हासन के बजाय टुमकुर से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनको बीजेपी के प्रत्याशी जीएस बासवराज ने 13 हजार से अधिक वोटों से मात दी। जबकि हासन से प्रज्वल ने 1 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की।
प्रज्वल ने कहा, 'हमें एचडी देवगौड़ा की हार से जो जगह खाली हुई है उसे भरना होगा। उन्होंने कहा, इसलिए मैंने तय किया है कि मैं हासन से इस्तीफा दूंगा। मैं चाहता हूं कि देवगौड़ा एक बार फिर यहां से जीत दर्ज करें। बता दें कि हासन सीट से देवगौड़ा 5 बार सांसद चुने गए हैं जिसमें तीन बार वे लगातार सांसद चुने गए हैं। इस बार उन्होंने ये सीट रेवन्ना को दे दी थी।
इसी को लेकर उनपर परिवारवाद का आरोप लगा था। इसी आरोप पर बोलते हुए देवगौड़ा एक चुनावी रैली में रो पड़े थे। वहीं, मांड्या सीट पर उन्होंने निखिल कुमारस्वामी को टिकट दिया था। लेकिन यहां से उनको निर्दलीय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश के हाथों एक लाख से अधिक वोटों से अंतर से हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी ने सुमालता को यहां पर समर्थन दिया था। कर्नाटक की 25 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की जबकि एक पर जेडीएस और एक पर कांग्रेस को जीत मिली है।












Click it and Unblock the Notifications