कर्नाटक: टूट सकता है कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन, एचडी देवगौड़ा ने दिए मध्यावधि चुनाव के संकेत
बेंगलुरु: कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस के बीच गतिरोध लगातार बढ़ रहा है। दोनों तरफ से चल रही बयानबाजी से आहत देश के पूर्व के प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगोड़ा ने राज्य में मध्यावधि चुनाव के संकेत दिए हैं। एचडी देवगोड़ा ने शुक्रवार को कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि कर्नाटक में मध्यावधि चुनाव होंगे। उनका ये बयान जेडीएस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार के तनावपूर्ण संबंधों के बीच आया है।
देवगोड़ा ने दिए मध्यावधि चुनाव के संकेत
जेडीएस प्रमुख देवगोड़ा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बेंगलुरु में कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मध्यावधि चुनाव होंगे। उन्होंने कहा था कि वे 5 साल तक हमारा समर्थन करेंगे लेकिन अब उनके व्यवहार को देखें। हमारे लोग स्मार्ट हैं। उनके इस बयान के बाद सूबे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं।

लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद बयानबाजी
लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में मिली करारी हार के बाद जेडीएस और कांग्रेस के नेता खुलकर एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इससे सार्वजनिक रूप से इनके मतभेद सामने आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इन दोनो को 28 लोकसभा सीटों में से एक-एक सीट ही मिली थी। वहीं बीजेपी ने 28 में से 25 सीटों पर कब्जा किया।

राहुल गांधी को दी जानकारी
देवगोड़ा ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जानकारी दी थी कि वो दोनों दलों के नेताओं द्वारा बार-बार सार्वजनिक बयान दिए जाने से आहत हैं। कांग्रेस नेता सिद्धारमैया द्वारा दिए गए बयानों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं अब प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता हूं। काफी समय है। रिपोट्स के मुताबिक सिद्धारमैया ने कहा था कि अगर कांग्रेस अकेले आम चुनाव लड़ती तो बेहतर प्रदर्शन करती।

बीजेपी को दूर करने के लिए हुआ गठबंधन
पिछले साल बीजेपी को कर्नाटक की सत्ता से दूर करने के लिए दोनों दलों ने चुनाव बाद गठबंधन किया था। जेडीएस को कांग्रेस से कम सीटें मिलने के बावजूद पार्टी ने समर्थन दिया था और एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने थे। 224 विधानसभा में कांग्रसे को 77 और जेडीएस को 37 सीट मिली थी। जबकि बीजेपी 104 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।












Click it and Unblock the Notifications