Lok Sabha Chunav 2024: गुरुग्राम में कांग्रेसी ही न बिगाड़ दें राज बब्बर का गेम?
Haryana Lok Sabha Chunav 2024: दिल्ली से सटे गुरुग्राम लोकसभा सीट पर अभिनेता से नेता बने राज बब्बर को टिकट देना, कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को आसानी से हजम नहीं हो पा रहा है। ऐसे में राज बब्बर के लिए बीजेपी का सामना करने से पहले अपनी ही पार्टी के वरिष्ठों को साधने की चुनौती पैदा हो गई है।
द प्रिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के इस फैसले से पार्टी की हरियाणा इकाई में असंतोष फैल गया है। गुरुग्राम एक हाई-प्रोफाइल लोकसभा सीट है और कांग्रेस ने इस उम्मीद में बब्बर पर दांव लगाया है कि वह शहरी वोटरों में सेंध लगाकर भाजपा के गढ़ को कमजोर कर सकते हैं।

राज बब्बर को पैराशूट उम्मीदवार के तौर पर देख रहे हैं कांग्रेसी
लेकिन, मंगलवार को 72 वर्षीय पूर्व सांसद को टिकट देने के बाद हरियाणा कांग्रेस के कुछ नेताओं को पार्टी का यह फैसला पसंद नहीं आ रहा है। पार्टी के कुछ नेता उन्हें पैराशूट उम्मीदवार के तौर पर देख रहे हैं, जिनका पांच बार के सांसद का जीवन अधिकतर उत्तर प्रदेश से ही जुड़ा रहा है। 2014 में भी वह दिल्ली से सटे एनसीआर की गाजियाबाद सीट से चुनाव लड़ चुके हैं, जहां उन्हें सिर्फ 14% वोट मिले थे।
पार्टी का कोई भला नहीं किया है- कैप्टन अजय सिंह यादव
राज बब्बर को गुरुग्राम सीट पर बीजेपी के मौजूदा सांसद राव इंद्रजीत और जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया से मुकाबला करना है। बब्बर को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय सिंह यादव अपनी नाखुशी छिपा नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'हम पार्टी के फैसले का सम्मान करते हैं और इससे बंधे हुए हैं। लेकिन, जिस किसी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पूरी तरह से साइडलाइन करके पार्टी में टिकट का फैसला किया है, उसने पार्टी का कोई भला नहीं किया है।'
यादव 2019 में गुरुग्राम सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे और इस बार भी वह टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। उन्होंने कहा है, 'पहले, सीनियर कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह और किरण चौधरी को किनारे कर दिया गया और अब मेरे साथ भी ऐसा ही बर्ताव किया गया है।'
बढ़ती जा रही है कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं की लिस्ट
इनसे पहले कांग्रेस के एक और सीनियर नेता और फरीदाबाद के पांच बार के एमएलए करण सिंह दलाल भी टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी का संकेत दे चुके हैं। इसी तरह से माना जा रहा है कि बीरेंद्र सिंह और किरण चौधरी भी अपने बच्चों के टिकट कटने से परेशान हैं।
हुड्डा ने राज बब्बर को बताया मजबूत उम्मीदवार
बीरेंद्र सिंह बेटे ब्रिजेंद्र सिंह के लिए और किरण चौधरी अपनी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी का टिकट कटने से आहत बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस आला कमान ने हरियाणा में टिकट बंटवारे में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ही बात मानी है।
हुड्डा राज बब्बर की उम्मीदवार का समर्थन करते हुए उन्हें एक 'अच्छा उम्मीदवार' बता रहे हैं। उन्होंने फोन पर उस पोर्टल से कहा है, 'वह गुड़गांव सीट के लिए एक मजबूत उम्मीदवार होंगे।'
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं, जिसमें से कांग्रेस सिर्फ 9 पर ही चुनाव लड़ रही है। कुरुक्षेत्र की सीट उसने अपनी नई सहयोगी आम आदमी पार्टी के लिए छोड़ी है। कांग्रेस 8 सीटों पर पिछले हफ्ते ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी, लेकिन गुरुग्राम के लिए यह घोषणा मंगलवार को की गई है।
हरियाणा में छठे चरण में 25 मई को वोट डाले जाएंगे। 2019 में राज्य की सभी 10 सीटें बीजेपी को मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications