Haryana Election Results 2019: बबीता फोगाट चुनाव हारीं, तीसरे नंबर पर खिसकीं
नई दिल्ली। हरियाणा की दादरी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी बबीता फोगाट चुनाव हार गई हैं। दादरी सीट पर निर्दलीय सोमबीर ने 14 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। दूसरे नंबर पर जेजेपी के सतपाल सांगवान रहे। बबीता मुख्य मुकाबले में भी नहीं आ सकीं, वो सीट पर तीसरे नंबर पर रही हैं।

बबीता ने चुनाव परिणाम के बाद कहा है कि लोगों ने जो भी फैसला किया, उसका सम्मान करती हूं। जिस तरह से लोगों ने मुझे समर्थन और प्यार दिया वो कमाल का है। लोगों ने भाजपा के काम पर विश्वास किया और पार्टी ने सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं।
कॉमनवेल्थ खेलों की पदक विजेता पहलवान बबीता ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थीं। जिसके बाद भाजपा ने उनको दादरी सीट से प्रत्याशी बनाया था। हालांकि उनको जीत नहीं मिली। भाजपा ने ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान योगेश्वर दत्त को हरियाणा की बड़ौदा विधानसभा सीट से उतारा था। योगेश्वर भी चुनाव हार गए हैं, उनको कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकृष्ण हुड्डा ने हराया।
हरियाणा की 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को चुनाव हुआ था। आज नतीजे आ रहे हैं। जिसमें स्थिति करीब-करीब साफ हो गई है। सूबे की 90 सीटों पर भाजपा 38, कांग्रेस 34, जेजेपी 10 और अन्य 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बहुमत के आंकड़े यानी 46 सीटों तक कोई पार्टी नहीं पहुंचती दिख रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि निर्दलीयों और छोटी पार्टियों का बड़ा रोल सरकार बनाने में रहेगा।
पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने किसी पार्टी को बहुमत ना मिलते देख कहा है कि हरियाणा में भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एक साथ आना चाहिए। रोहतक में हुड्डा ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर रखना जरूरी है। ऐसे में इस समय कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल और जीतकर आए निर्दलीय विधायकों को साथ आना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि सभी को मिलकर हरियाणा को एक मजबूत कर सरकार देनी चाहिए और भाजपा को सत्ता से दूर करना चाहिए।
जींद जिले की उचाना कलां विधानसभा सीट से विधायक चुनकर आए जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि राज्य की सत्ता की चाबी उनकी पार्टी के पास रहेगी क्योंकि कांग्रेस या भाजपा 40 सीट पार नहीं कर पाएंगी ऐसे में वो किंगमेकर बनेंगे।
हरियाणा की 90 और महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर आज मतगणना हो रही है। इसी के साथ 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव और दो लोकसभा सीटों के वोटों की गिनती हो रही है। इन दो लोकसभा सीटों में बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की सोलापुर लोकसभा सीट है।












Click it and Unblock the Notifications