Haryana Poll: '90 सीटों पर पूरी तैयारी, संगठन जमीनी मजबूत', गठबंधन चर्चा के बीच अब AAP ने दिखाए तेवर
Haryana Congress-AAP Alliance: हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भी अपनी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। हालांकि पहली लिस्ट में सामने आए 31 नाम पुराने विधायकों के हैं। ऐसे में अब दूसरी सूची का इंतजार है। इस बीच आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर भी मंथन चल रहा है, हालांकि अब तक यह चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्ढा ने एक दिन पहले कहा कि पार्टी कांग्रेस के साथ बातचीत कर रही है और हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन के लिए "हर संभव प्रयास" किए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने कहा कि गठबंधन "अभी भी विचाराधीन है"।

लोकसभा में साथ, हरियाणा में नहीं बन रही बात
कांग्रेस और आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसने दिल्ली और गुजरात में लोकसभा चुनावों मिलकर लड़ा था। लेकिन कहीं ना कहीं हरियाणा में पेंच फंसा हुआ नजर आ रहा है, जिसका कारण आप की ओर से मांगी जाने वाली सीटें है।
सीट शेयरिंग पर फंसा पेंच
रिपोर्ट्स के मुताबिक आप ने 20 सीटें तक मांगी है, जबकि कांग्रेस सिर्फ 5 सीटें देने पर अड़ी है। ऐसे में फिलहाल सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बन रही है। इधर, कांग्रेस के तेवर को देखते हुए आप भी किसी तरह से नरम पड़ती नजर नहीं आ रही है।
आप ने दिखाए तेवर, सभी सीटों पर लड़ने का दावा
आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए गठबंधन को लेकर कहा कि," बातचीत चल रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा में लगातार काम कर रही है। हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारा संगठन जमीन पर मजबूत है। हम 1-2 दिन में उम्मीदवारों की घोषणा भी कर देंगे। लेकिन हमें उम्मीद है कि (गठबंधन को लेकर) कोई निष्कर्ष निकलेगा।"
लोकसभा चुनावों में आप हरियाणा में कुरुक्षेत्र सीट जीतने में पूरी तरह से फेल हुई। जहां इंडिया ब्लॉक के हिस्से के रूप में कांग्रेस के साथ समझौते के तहत चुनाव लड़ा था। हालांकि, अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने 2014 के बाद से अपने वोट शेयर में बढ़ोतरी देखी, जब उसने राज्य में अपना पहला चुनाव लड़ा था।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस साल के लोकसभा चुनावों में नौ में से पांच सीटों पर जीत हासिल की। निश्चित रूप से AAP ने हरियाणा में कभी भी कोई लोकसभा या विधानसभा सीट नहीं जीती है।












Click it and Unblock the Notifications