'भारत में पेट्रोल अन्य देशों की तुलना में सस्ता', मंत्री हरदीप पुरी बोले- 6 राज्यों ने तो वैट भी कम नहीं किया
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "मैं यह बताना चाहूंगा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और झारखंड ने अपने करों में कटौती नहीं की है।''

Union Petroleum minister Hardeep Singh Puri On petrol prices: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि मौजूदा वैश्विक स्थिति और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों के मद्देनजर अन्य देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल की कीमतें शायद सबसे कम हैं। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सवालों के जवाब देते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, कुछ राज्यों ने केंद्र द्वारा उत्पाद शुल्क में कमी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी लाने के लिए वैट घटाया था। जबकि कुछ विपक्षी शासित राज्यों ने ऐसा नहीं किया था।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि छह गैर-भाजपा शासित राज्यों- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और झारखंड ने पेट्रोलियम उत्पादों पर वैट कम नहीं किया है, जिससे वहां पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं।

'अन्य गैर-भाजपा राज्य 32 रुपये की दर से शुल्क ले रहे हैं...'
हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ''छह राज्यों- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और झारखंड ने वैट को कम नहीं किया है। उनमें से कुछ 17 रुपये की दर से वैट वसूल रहे हैं और अन्य गैर-भाजपा राज्य 32 रुपये की दर से शुल्क ले रहे हैं। इसलिए दामों में एक अंतर है। जब सदस्य कह रहे थे कि आज पेट्रोल की कीमत कुछ में 100 रुपये प्रति लीटर है। कुछ जगहों पर- कुछ जगहों पर जो गैर-बीजेपी राज्य हैं, और अन्य राज्यों में यह 8-10 रुपये सस्ता है।''

'हमने 2021-2022 में दो बार वैट घटाया...'
हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों को उचित स्तर पर बनाए रखने के लिए नवंबर, 2021 और मई, 2022 में दो बार उत्पाद शुल्क (वैट) घटाया। हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ''मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कुछ अन्य राज्यों ने भी वैट कम कर दिया है। अब, हमारे पास ऐसी स्थिति है जहां कुछ राज्यों, मैं उन्हें भाजपा शासित राज्य नहीं कह रहा हूं, लेकिन एक या दो अन्य राज्य भी हैं, जिन्होंने अपना वैट कम कर दिया है। उनमें से कुछ 17 की दर से वैट वसूल रहे हैं।''

'भारत में पेट्रोल की कीमत सबसे कम है...'
हरदीप सिंह पुरी ने कहा, वर्तमान में भारत में पेट्रोल की कीमत सबसे कम है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण तेल विपणन कंपनियों को कुल मिलकर 27,276 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, "मेरा सुझाव है कि विपक्ष के सांसद वैट को कम करने के लिए अपनी राज्य सरकारों पर प्रभाव डाल सकते हैं।"
पुरी ने कहा कि भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 85 फीसदी से ज्यादा आयात करता है। इसलिए, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में उनकी संबंधित कीमतों से जुड़ी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications