जब राज्यसभा में जावड़ेकर को पड़ी हामिद अंसारी की डांट, मांगनी पड़ी माफी
सभापति अंसारी ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि ये कमाल की स्थिति है जब प्रश्नकाल के दौरान सवाल पूछे जाने पर जवाब देने के लिए मंत्री ही मौजूद नहीं है।
नई दिल्ली। सोमवार को राज्यसभा में पर्यावरण मंत्री अनिल माधव को गैर-हाजिर पाकर सभापति हामिद अंसारी उखड़ गए। अनिल माधव को सांसद महेंद्र सिंह माहरा के हवा प्रदूषण और शोर पर पूछे गए सवाल का जवाब देना था लेकिन वो जवाब के लिए सदन में नहीं थे। यहां तक कि संसदीय मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी सदन में नहीं थे।

जावड़ेकर को पड़ी डांट
सदन में मंत्री के ना होने पर हामिद अंसारी गुस्सा तो थे ही कि तभी प्रकाश जावड़ेकर राज्यसभा पहुंचे और बोले कि प्रदूषण पर पूछे गए सवाल का जवाब अनिल माधव दवे की जगह वह देंगे। जावड़ेकर ने सफाई दी कि लोकसभा में होने के कारण उन्हें यहां पहुंचने में देरी हो गई लेकिन हामिद अंसारी ने इसे कोई जायज वजह नहीं माना और कहा कि यह बेहद गंभीर है।
दस साल में नहीं देखी ऐसी स्थिति
अंसारी ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि ये कमाल की स्थिति है जब प्रश्नकाल के दौरान सवाल पूछे जाने पर जवाब देने के लिए मंत्री ही मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में उन्होंने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी। इसके बाद जावडे़कर ने सदन से माफी मांगी और आइंदा इस तरह से गैरहाजिर ना रहने की बात कही।
कांग्रेस ने लगाए शर्म करो के नारे
सभापति जब केंद्रीय मंत्री से नाराजगी जत रहे थे तो कांग्रेस नेताओं ने 'शर्म करो, शर्म करो' के नारे लगाना शुरू कर दिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दूसरी बार हुआ है जब प्रश्नकाल में सवाल पूछा गया लेकिन जवाब देने के लिए कोर्इ मंत्री मौजूद नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications