इस साल हज के लिए सउदी अरब नहीं जाएगा कोई भी भारतीय, सरकार वापस करेगी आवेदन फीस
नई दिल्ली। इस साल भारत से कोई भी हज के लिए सउदी अरब नहीं जाएगा। सरकार ने कोरोना महामारी के कारण इस साल भारतीय नागरिकों को हज पर नहीं भेजने का फैसला किया गया है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया, सरकार ने फैसला किया है कि इस साल भारत से किसी को हज यात्रा पर सऊदी अरब नहीं भेजा जाएगा। अब तक 2,30,000 से ज्यादा भारतीय मुसलमानों ने हज यात्रा के लिए आवेदन किया है, इन सभी को पैसा बिना किसी कटौती के वापस कर दिया जाएगा। भारतीय हज कमेटी ने कुछ दिनों पहले कहा था कि जो हज पर नहीं जाना चाहते हैं, वे अपने पैसे वापस ले सकते हैं
Recommended Video

नकवी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में बिना मेहरम (किसी पुरुष रिश्तेदार के बिना) महिलाओं को हज यात्रा पर भेजने का फैसला लिया था, इस बार जिन महिलाओं ने बिना मेहरम आवेदन किया है वो अगले वर्ष इसी आवेदन के आधार पर यात्रा पर जा सकती हैं, हालांकि पैसा इनको भी वापस किया जा रहा है।
बता दें कोरोनावायरस महामारी के बीच सऊदी अरब में इस साल हज यात्रा होगी, लेकिन नियम में बदलाव किया गया है। इस बार केवल सऊदी में रहने वाले लोग ही यात्रा कर सकेंगे। विदेशियों को इसकी इजाजत नहीं दी जाएगी। इस बार सीमित संख्या में ही लोगों को हज करने की अनुमति दी जाएगी। पिछले साल करीब 25 लाख लोगों ने हज यात्रा की थी। सऊदी अधिकारियों ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के चलते यह फैसला किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा था कि इस साल 20 लाख से ज्यादा लोग हज के लिए मक्का और मदीना आएंगे। लेकिन महामारी को देखते हुए इस साल हज पूरी तरह अलग है।












Click it and Unblock the Notifications