'एक सेकंड भी नहीं रुका आरोपी', गुरुग्राम हिट एंड रन वाली लेडी बाइकर सिया का नया वीडियो, पिता ने खोली पोल

Gurugram Hit and Run Case Sia Lady Biker: गुरुग्राम के पॉश गोल्फ कोर्स रोड पर हुई हिट एंड रन की सनसनीखेज वारदात ने तूल पकड़ लिया है। अप्रिलिया RS 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रहीं लेडी बाइकर सिया को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। अब इस मामले में सिया का एक नया वीडियो सामने आया है। सिया ने आरोपी कल्याण बैंसला की हर बात का करारा जवाब दिया है। उधर सिया के पिता भी सामने आए हैं और पुलिस की ढीली कार्रवाई पर कई तीखे सवाल दागे हैं। सिया के पिता ने जो सवाल उठाए हैं, वो सच में गंभीर और डरावने हैं।

लेडी बाइकर सिया ने नया वीडियो जारी कर आरोपी कल्याण बैंसला पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सिया का आरोप है कि कार से बाइक को टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके पर एक पल के लिए भी नहीं रुका। उसने यह जानने की कोशिश तक नहीं की कि 'मैं जिंदा हूं या घायल।'

Gurugram Hit and Run Case Sia Lady Biker

मामला सामने आने के बाद कल्याण बैंसला ने इसे जानबूझकर किया गया हमला मानने से इनकार किया। उसने अपनी गलती जरूर मानी, लेकिन कहा कि यू-टर्न के पास कार पर उसका कंट्रोल नहीं रहा था। अब सिया के नए वीडियो ने पूरे मामले में एक और सवाल खड़ा कर दिया है। अगर यह सिर्फ हादसा था, तो टक्कर के बाद कार चालक रुका क्यों नहीं?

सिया का नया वीडियो, आरोपी से सीधे सवाल

सिया ने इंस्टाग्राम पर 14 सितंबर की देर राच जारी वीडियो में कहा कि इस घटना के बाद उन्हें सबसे ज्यादा गुस्सा इस बात पर है कि टक्कर मारने वाला व्यक्ति रुका तक नहीं। उनका कहना है कि इतनी तेज टक्कर के बाद उनकी जान भी जा सकती थी।

सिया ने कहा,

"अगर आपको मेरे साथ हुई घटना का इतना दुख था, तो टक्कर के तुरंत बाद कार रोककर मेरी हालत क्यों नहीं देखी? उस वक्त मेरी जान भी जा सकती थी। आपने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि मैं सुरक्षित हूं या नहीं।"

सिया का दावा है कि कार उनकी बाइक के पीछे आई और फिर टक्कर मारी गई। उनके मुताबिक पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया।

'एक सेकंड के लिए भी नहीं रुका', सिया ने बताई पूरी बात

सिया ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि टक्कर के बाद आरोपी ने गाड़ी रोकने की कोई कोशिश नहीं की। उनका कहना है कि सड़क पर मौजूद किसी व्यक्ति को वाहन से टक्कर लगने के बाद सबसे पहले मदद करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा,

"वह कार एक सेकंड के लिए भी नहीं रुकी। मुझे टक्कर लगी और उसके बाद कार आगे निकल गई। ऐसे हालात में कोई भी इंसान पहले यह देखता है कि सामने वाला जिंदा है या नहीं। महिलाओं को सड़क पर इस तरह डर के साथ चलना पड़े, यह बेहद दुखद है।"

सिया ने इस घटना को सिर्फ अपने साथ हुआ हादसा नहीं बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर महिला बाइकर्स को पहले से ही सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। उनके मुताबिक ऐसे मामलों से यह डर और बढ़ता है।

'क्या दो वीडियो भी सबूत नहीं?', सिया ने पूछा

सिया ने आरोपी से यह भी पूछा कि क्या घटना के सामने आए वीडियो को सबूत के तौर पर देखने के लिए काफी नहीं माना जा सकता। उनका कहना है कि घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और वीडियो में कार का बाइक से टकराना साफ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा,

"घटना के दो वीडियो सामने हैं। क्या इतने सबूत भी यह समझने के लिए काफी नहीं हैं कि उस सड़क पर क्या हुआ था? वीडियो में टक्कर दिखाई दे रही है। इसके बाद कार वहां से चली जाती है। फिर भी सवाल यही है कि अगर यह सिर्फ हादसा था तो चालक रुका क्यों नहीं?"

सिया ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें महिला बाइक सवार देखकर निशाना बनाया गया और कार चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालांकि इस आरोप की जांच पुलिस को करनी है।

पिता ने कहा- 'मेरी बेटी की जान चली जाती तो?'

सिया के पिता ने भी इस घटना पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने वीडियो देखा और अपनी बेटी के साथ सड़क पर हुई घटना को समझा, तो उन्हें काफी गुस्सा आया।

सिया के पिता ने कहा,

"वीडियो देखकर मुझे समझ आया कि मेरी बच्ची के साथ सड़क पर क्या हुआ था। हम तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग लेकर पहुंचे। तब तक पुलिस अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज कर चुकी थी। हमने मांग की कि मामले में सही धाराएं लगाई जाएं और जांच पूरी सख्ती से हो।"

उन्होंने टक्कर को महज सड़क हादसा मानने पर भी सवाल उठाया। पिता ने कहा,

"हादसा अपनी जगह है, लेकिन यहां जिस तरह टक्कर हुई, उससे लगता है कि गाड़ी सीधे उसे लगी। इतनी बड़ी गाड़ी की टक्कर जानलेवा हो सकती थी। अगर मेरी बेटी की मौके पर मौत हो जाती तो क्या होता? क्या तब भी पुलिस इसी तरह कार्रवाई करती?"

उन्होंने आरोपी को जल्द पकड़ने और गिरफ्तार करने की मांग की। पिता ने यह भी बताया कि घटना के बाद सिया इतनी डर गई थीं कि उन्होंने घर आकर परिवार को भी कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा,

"वह अभी तक सामान्य नहीं हो पाई है। वह इतनी घबरा गई थी कि डर के कारण उसने घर पर भी हमें कुछ नहीं बताया। अगर हमें उसी दिन पता चल जाता तो हम तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर देते।"

आरोपी कल्याण बैंसला ने क्या कहा था?

विवाद बढ़ने के बाद कल्याण बैंसला खुद सामने आया था। उसने कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी है और जिम भी चलाता है। बैंसला ने टक्कर के लिए अपनी गलती मानी, लेकिन जानबूझकर बाइक को मारने की बात खारिज कर दी।

उसका दावा था कि गोल्फ कोर्स रोड पर यू-टर्न के पास कार पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया था। उसने यह भी कहा कि घटना के बाद वहां मौजूद बाइक सवारों के समूह से उसे और उसके परिवार को खतरा महसूस हुआ। इसी डर के चलते वह वहां से चला गया। मामला सोशल मीडिया पर बढ़ने के बाद बैंसला ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया।

गोल्फ कोर्स रोड पर उस दिन क्या हुआ था? हादसे की पूरी बात

सिया के मुताबिक रविवार को वह दूसरे बाइकर्स के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक चला रही थीं। वह अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर थीं। इसी दौरान एक कार उनके पीछे आती दिखाई दी। बाइक पर लगे कैमरे में घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ। वायरल वीडियो में कार बाइक के करीब आती दिखाई देती है। इसके बाद कार बाइक को टक्कर मारती है और कुछ दूरी तक उसे घसीटते हुए आगे बढ़ती दिखाई देती है।

यही वीडियो इस मामले का सबसे बड़ा आधार बनकर सामने आया है। हालांकि वीडियो से घटना का दृश्य सामने आता है, लेकिन टक्कर जानबूझकर मारी गई थी या वाहन पर नियंत्रण खोने से हादसा हुआ, इसका अंतिम फैसला जांच के बाद ही होगा।

पुलिस ने बनाई तीन टीमें, आरोपी की तलाश जारी

गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय अभिलक्ष जोशी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। अब जांच का फोकस आरोपी को पकड़ने के साथ घटना की पूरी कड़ी जोड़ने पर है। इस बीच कार के मालिक मनीष ने कहा है कि हादसे के वक्त वह खुद कार नहीं चला रहा था। उसके मुताबिक वाहन उसके दोस्त कल्याण बैंसला के पास था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+