गुजराती मूल की लड़की का था गाजा पर एयरस्ट्राइक में अहम रोल, इजरायल सेना का है हिस्सा
अमहदाबाद, 17 जून। इजरायल में नई सरकार गठन के बाद जो सबसे बड़ी खबर आई वह इजरायली डिफेंस फोर्स की गाजा में स्ट्राइक की थी। पिछले महीने 11 दिनों की लड़ाई के बाद हुए सीजफायर के बाद ये इजरायल का पहला हमला था। इजरायल ने फिलिस्तीनी क्षेत्र से आग लगाने वाले गुब्बारे भेजे जाने के बाद हमले की ये कार्रवाई की। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस एयरस्ट्राइक का भारत से भी कनेक्शन है।

इजरायली सेना में पहली गुजराती लड़की
इजरायल डिफेंस फोर्स की जिस टीम ने मंगलवार को गाजा एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया उसमें गुजराती मूल की नीत्शा मुलियाशा (20) भी शामिल थीं। अहमदाबाद मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक नीत्शा मूल रूप से गुजरात के राजकोट जिले के कोठाडी गांव की हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल की राजधानी तेल अवीव में रहने वाली नीत्शा पहली गुजराती लड़की हैं जो इजरायली सेना का हिस्सा बनी थी।
बेटी के बारे में बताते हुए नीत्शा के पिता जीवाभाई मुलियाशा इसका श्रेय इजरायल की शिक्षा व्यवस्था को देते हैं। जीवाभाई के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है "स्कूली शिक्षा उन्हें उनकी योग्यता और कौशल का आकलन करने के लिए कई परीक्षाओं के लिए तैयार करती है, जिससे उन्हें एक उपयुक्त पाठ्यक्रम और करियर चुनने में मदद मिलती है।"

कई देशों के बॉर्डर पर तैनाती
रिपोर्ट के मुताबिक नीत्शा को युद्ध के मैदान में आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल और बहुआयामी युद्धाभ्यास की ट्रेनिंग ली है। उनके पिता जीवाभाई के मुताबिक "सेना के साथ उसका 2.4 साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उसे पांच साल या 10 साल की अवधि के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की आवश्यकता होगी। इस दौरान नीत्शा योग्यता के अनुसार इंजीनियरिंग, चिकित्सा या अपनी पसंद का कोर्स कर सकती है। सेना उसकी शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी।"
जीवाभाई कहते हैं कि पिछले दो सालों में नीत्शा को लेबनान, सीरिया, जॉर्डन और मिस्र से लगी सीमा पर तैनाती मिल चुकी है। वर्तमान में वह गुश दान में तैनात है।" इजरायल जब हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है ऐसे समय में बेटी के अभियान का हिस्सा होने पर नीत्शा के पिता को गर्व है लेकिन वह बेटी को मिस भी करते हैं।

नई सरकार बनने के बाद पहला हमला
इजरायल में नेफ्टाली बेनेट ने प्रधानमंत्री पद पर शपथ लेने के साथ ही 12 साल से लगातार चल रहे नेतन्याहू के शासन का अंत हो गया। नई सरकार के गठन के बाद इजरायल ने हमास पर कार्रवाई करते हुए गाजा में एयर स्ट्राइक की। इजरायल ने हमास पर आरोप लगाया कि वह आग लगने वाले गुब्बारे छोड़ रहा है जिसके चलते उसके क्षेत्र में कई जगहों पर आग लगी है। इस बीच पश्चिमी येरूशलम में भी दक्षिणपंथी यहूदियों के येरूशलम मार्च के चलते भी हिंसा हुई है और तनाव फिर से बढ़ा है।












Click it and Unblock the Notifications